- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Offering controversy ...
Offering controversy पर संतों की मांग, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

Ayodhya अयोध्या : राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा चोरी विवाद के बीच संत समाज की ओर से मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। तपस्वी छावनी के जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने सोमवार को कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मंदिर से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परमहंस आचार्य ने कहा कि राम मंदिर केवल अयोध्या ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने मंदिर व्यवस्था से संबंधित कोई गंभीर अनियमितता की है तो उसे किसी भी स्थिति में बचाया नहीं जाना चाहिए। मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने जांच को लेकर राजनीतिक हस्तक्षेप पर भी सवाल उठाए। परमहंस आचार्य ने कहा कि किसी भी जांच प्रक्रिया को राजनीतिक दबाव से प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग राम मंदिर के मुद्दे को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और श्रद्धालुओं के बीच भ्रम फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने लंबे समय तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया, उन्हें मंदिर से जुड़े मामलों पर टिप्पणी करने से पहले अपनी भूमिका पर विचार करना चाहिए।
इधर, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास ने सोमवार को राम मंदिर परिसर का दौरा किया। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने दान गिनती केंद्र और तीर्थयात्री सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि रामलला के मंदिर में सभी धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं। मंदिर की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चल रही हैं और किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि यह मामला ट्रस्ट का आंतरिक विषय है और ट्रस्ट की ओर से जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह सभी को स्वीकार होगा।
वहीं, सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के महंत देवेशाचार्य जी महाराज ने इस मामले को बेहद गंभीर और संवेदनशील बताया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़ा कोई भी विषय पूरे हिंदू समाज और अयोध्या के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए मामले की पूरी निष्पक्षता के साथ जांच होनी चाहिए।
महंत देवेशाचार्य ने कहा कि जांच ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी पक्ष को संदेह की स्थिति न रहे। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक याचिका भी दायर की गई है, जिस पर सुनवाई होनी है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद के बीच संतों की अलग-अलग प्रतिक्रियाओं से मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जहां एक ओर मंदिर व्यवस्था से जुड़े लोग इसे ट्रस्ट का आंतरिक विषय बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर संत समाज मामले की पारदर्शी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए सभी पक्ष इस मामले में स्पष्टता और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जता रहे हैं।





