उत्तर प्रदेश

Builder धोखाधड़ी पर CM योगी सख्त, पीड़ितों को न्याय का भरोसा

Ratna Netam
13 July 2026 2:03 PM IST
Builder  धोखाधड़ी पर CM योगी सख्त, पीड़ितों को न्याय का भरोसा
x

Lucknow लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान अवैध कब्जे, धमकी, धोखाधड़ी और बिल्डर से जुड़े कई मामले मुख्यमंत्री के सामने पहुंचे।

जनता दर्शन में कई फरियादियों ने अवैध कब्जे की शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा उनकी जमीनों पर अवैध कब्जा किया जा रहा है और विरोध करने पर उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष और तेजी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कब्जा करने वाले और पीड़ितों को धमकाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपराध और कब्जे से जुड़े मामलों की विवेचना में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। पीड़ितों को समय पर न्याय मिले और दोषियों को कानून के तहत दंडित किया जाए।

जनता दर्शन के दौरान गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा से जुड़े एक बिल्डर के खिलाफ भी शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची। फरियादियों ने आरोप लगाया कि बिल्डर ने एक ही फ्लैट को कई लोगों के नाम रजिस्ट्री कर दिया है, जिससे खरीदारों को आर्थिक और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि यदि जांच में बिल्डर दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम जनता के साथ धोखाधड़ी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेजते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का समाधान करना है और हर पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स हैंडल से भी जनता दर्शन की तस्वीरें साझा की गईं। पोस्ट में कहा गया कि लोक-कल्याण के संकल्प के साथ ‘नया उत्तर प्रदेश’ सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित, प्रभावी तथा गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।

जनता दर्शन कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री लगातार प्रदेश के लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं और अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। सरकार का कहना है कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Next Story