- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Sahibabad: खाद्य विभाग...
Sahibabad: खाद्य विभाग की टीम ने सिलिंडर की कालाबाजारी का खुलासा किया

साहिबाबाद: खाद्य विभाग की टीम ने सिलिंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़ किया है। यह खुलासा व्यावसायिक सिलिंडर से भरे ट्रक के पकड़े जाने पर हुआ। ट्रक में 68 सिलिंडर थे। ड्राइवर ने कुबूल किया कि इन्हें मेरठ से दिल्ली ले जाया जा रहा था। वहां अलग-अलग जगह बेचा जाता है।
यह कार्रवाई लोनी-भोपुरा मार्ग पर की गई। ट्रक में अलग-अलग गैस कंपनी के सिलिंडर भरे हुए थे, जिन्हें मेरठ से नई दिल्ली के पटेल नगर स्थित कनवल ले जाया जा रहा था। खाद्य विभाग की टीम ने रविवार को सिलिंडर से भरी गाड़ी को सीज कर ट्रक चालक अलीगढ़ के बेगपुर निवासी रामदास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी आनंद प्रभु सिंह ने बताया कि उन्हें सिलिंडर की कालाबाजारी होने की शिकायत मिली थी। नायब तहसीलदार लोनी रति गुप्ता और कनिष्ठ सहायक जितेंद्र कुमार की संयुक्त टीम बनाकर लोनी-भोपुरा मार्ग पर चेकिंग लगाई गई।
इस दौरान मेरठ की तरफ से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, तब उसमें 68 व्यावसायिक सिलिंडर भरे मिले। सिलिंडर लाने-ले जाने का कोई बिल भी चालक के पास नहीं था। ट्रक में इंडेन के 30, भारत के 27 और एचपी के 11 सिलिंडर रखे थे। पुलिस ने सभी को जब्त कर लिया है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि आरोपी रामदास लंबे समय से सिलिंडर की कालाबाजारी कर रहा था। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि वह मेरठ में किस एजेंसी से सिलिंडर भरकर दिल्ली में कहां-कहां सप्लाई करता था। जांच की जा रही है, जल्द ही कालाबाजारी से जुड़े अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।





