उत्तर प्रदेश

Saharanpur: मेले में झूला गिरने से अफरा-तफरी, चार बच्चे घायल

Sarita
16 Sept 2025 6:33 AM IST
Saharanpur सहारनपुर: गुघाल मेले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बड़ा झूला अचानक गिर गया। हादसे के वक्त झूले पर कई बच्चे और महिलाएं सवार थीं। झूले के अचानक गिरने से सवारियों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चार बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक झूला चलते हुए अचानक नीचे गिर गया। हादसा होते ही महिलाएं और बच्चे घबराकर जोर-जोर से चीखने लगे। परिजन भी घबराकर बच्चों की तरफ दौड़े। पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। झूले से गिरे बच्चों को तुरंत बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
वहीं, इस मामले में झूला संचालक और ठेकेदार का अलग-अलग बयान आया है। ठेकेदार का कहना है कि हादसे के वक्त झूला बंद था और उस पर कोई सवार नहीं बैठा था
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से माँग की है कि झूलों और अन्य सवारियों की पूरी जाँच की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि मेले में रोज़ाना हज़ारों लोग जुट रहे हैं, इसलिए सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। फ़िलहाल, पुलिस मामले की जाँच कर रही है और मेले के अन्य झूलों की तकनीकी जाँच भी शुरू कर दी गई है।
Next Story