उत्तर प्रदेश

Noida में बारिश का कहर, 153 मिमी पानी बरसा; शहर की रफ्तार थमी, लोग परेशान

Ratna Netam
9 July 2026 9:30 PM IST
Noida  में बारिश का कहर, 153 मिमी पानी बरसा; शहर की रफ्तार थमी, लोग परेशान
x

Noida नोएडा : बुधवार से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का असर गुरुवार तक देखने को मिला। लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नोएडा के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। जिले में अब तक करीब 153 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है। बारिश से जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, वहीं दूसरी ओर जलभराव ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर जलभराव के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

मॉडल टाउन अंडरपास में फंसे वाहन

बारिश के बाद सबसे खराब स्थिति गाजियाबाद और नोएडा को जोड़ने वाले मॉडल टाउन अंडरपास में देखने को मिली। गुरुवार सुबह यहां भारी जलभराव हो गया, जिसके कारण कई कारें और दोपहिया वाहन पानी में फंस गए।वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि जल निकासी के लिए लगाए गए हाईटेक पंप भी अंडरपास में जमा पानी को समय पर निकालने में प्रभावी साबित नहीं हो सके।

प्रमुख मार्गों पर लगा जाम

जलभराव के कारण नोएडा के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, फिल्म सिटी मार्ग, अट्टा बाजार, सेक्टर-15 नयाबांस, एलिवेटेड रोड से सेक्टर-61 जाने वाला मार्ग, पर्थला सिग्नेचर ब्रिज के नीचे और खोड़ा कॉलोनी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।कार्यालय जाने वाले लोगों को धीमी रफ्तार और जाम की समस्या से जूझना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।

प्राधिकरण ने संभाला मोर्चा

हालात बिगड़ने के बाद नोएडा प्राधिकरण अलर्ट मोड में आ गया है। प्राधिकरण ने शहर के 28 संवेदनशील जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित किया है। इन स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकालने का काम शुरू किया गया है।इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम और कॉल सेंटर को सक्रिय कर दिया गया है। प्राधिकरण ने नागरिकों की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 0120-2423795 भी जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित टीम को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा।

सेक्टर-34 में सीवर बैकफ्लो की समस्या

आरडब्ल्यूए फेडरेशन सेक्टर-34 के अध्यक्ष केके जैन ने बताया कि मुख्य नाला ओवरफ्लो होने के कारण सेक्टर-34 का वर्षा जल नाले में नहीं जा पा रहा है। इससे स्थिति गंभीर हो गई है।उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट परिसरों में पानी भरने के कारण सीवर लाइनों में बैकफ्लो की समस्या पैदा हो रही है। इससे लोगों को परेशानी के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।केके जैन ने कहा कि अब नोएडा प्राधिकरण नालों से कूड़ा, सिल्ट और मलवा हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मानसून से पहले समय पर नालों की सफाई कर दी जाती तो जलभराव और सीवर बैकफ्लो जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता था।

स्थायी समाधान की मांग

आरडब्ल्यूए फेडरेशन सेक्टर-34 ने नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाए और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।संगठन ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले हर साल बड़े और छोटे नालों की समयबद्ध सफाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में भारी बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव जैसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Next Story