उत्तर प्रदेश

लखनऊ में अवैध इमारत पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी

Saba Naaz
6 July 2026 2:51 PM IST
लखनऊ में अवैध इमारत पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
x

लखनऊ: अलीगंज सेक्टर-डी में 22 जून को हुए भीषण अग्निकांड, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी, के बाद अब विवादों में आई अवैध इमारत पर कार्रवाई तेज हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) द्वारा भवन मालिक को जारी 15 दिन की नोटिस अवधि सोमवार को समाप्त हो रही है। अब माना जा रहा है कि मंगलवार, 7 जुलाई से इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। LDA ने 23 जून को भवन मालिक को नोटिस जारी कर पूछा था कि बिना अनुमति निर्माण क्यों किया गया और इस अवैध निर्माण पर कार्रवाई क्यों न की जाए। लेकिन अब तक भवन मालिक की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है। इसी कारण प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की तैयारी पूरी कर ली है।

कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पूरी प्रक्रिया सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरी की जाएगी ताकि किसी तरह की घटना न हो। प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि अवैध इमारत को गिराने में आने वाला पूरा खर्च भवन मालिक से ही वसूला जाएगा। इसी बीच, अग्निकांड की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। प्रारंभिक रिपोर्ट में LDA के कुछ अधिकारियों के साथ-साथ बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि भवन को नियमों की अनदेखी कर बिजली कनेक्शन दिया गया था। साथ ही बिजली लोड बढ़ने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी होती रही। SIT ने LDA के निलंबित इंजीनियरों के बयान भी दर्ज किए हैं। फिलहाल शासन रिपोर्ट का अध्ययन कर रहा है और जल्द ही जिम्मेदार अधिकारियों पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं अब अवैध इमारत पर बुलडोजर कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।

Next Story