- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut, में कांवड़...
Meerut, में कांवड़ यात्रा की तैयारी तेज, अधिकारियों को सख्त निर्देश

Meerut मेरठ : विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल की अध्यक्षता में आगामी श्रावण कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में नगर निगम, विद्युत विभाग, विद्युत सुरक्षा, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग, सिंचाई, आरआरटीएस, जल निगम, पंचायती राज, खाद्य एवं रसद, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य विभाग, एनएचएआई सहित अन्य विभागों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने और कांवड़ मार्ग का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पथ प्रकाश, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था और साइनज की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा। नगर निगम, बीडीओ, ईओ और डीपीआरओ को शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, डिवाइडर और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को कांवड़ मार्ग पर गड्ढामुक्त सड़क, मरम्मत और पैचवर्क कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नहर पटरी मार्ग पर स्नान स्थलों को चिन्हित कर चेतावनी बोर्ड लगाने और गोताखोरों के नाम व संपर्क नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया।स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा शिविर, एम्बुलेंस, मोबाइल बाइक एम्बुलेंस, लाइट वैन तथा आवश्यक दवाइयों और उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत विभाग को कांवड़ मार्ग पर आने वाले पोल, ट्रांसफार्मर और तारों को सुरक्षित रूप से कवर करने तथा स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और साइनज का विस्तृत प्लान तैयार करने पर भी जोर दिया गया।खाद्य विभाग को शिविरों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और रेट लिस्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही डीजे की ऊंचाई और ध्वनि मानकों का पालन कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।





