उत्तर प्रदेश

Prayagraj:बसंत पंचमी पर गंगा और संगम में 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Sarita
24 Jan 2026 6:13 AM IST
Prayagraj:बसंत पंचमी पर गंगा और संगम में  3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
x
Prayagraj प्रयागराज :उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी माघ मेले में शुक्रवार को बसंत पंचमी के स्नान पर्व पर 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि कल रात 12 बजे से ही लोगों का संगम क्षेत्र में आगमन और स्नान जारी है और आज बसंत पंचमी पर 3.56 करोड़ श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, “बसंत पंचमी के पावन अवसर पर तीर्थराज प्रयाग में त्रिवेणी में पुण्य स्नान का सौभाग्य प्राप्त कर रहे सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई। पावन संगम में 'आस्था की डुबकी' सभी के लिए शुभ-फलदायी हो, सबकी मनोकामनाएं पूर्ण हों, मां गंगा से यही प्रार्थना है।”माघ मेला के चौथे स्नान पर्व पर कल्पवासियों सहित मेला क्षेत्र में सभी प्रमुख संतों और धर्माचार्यों ने डुबकी लगाई। उन्होंने बताया कि पूर्वाम्नायगोवर्धनमठ पुरी पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती अपने शिष्यों के साथ त्रिवेणी तट पर पहुंचे।
शंकराचार्य प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान से पैदल चलकर संगम नोज पहुंचे और पूरी सादगी के साथ मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती की पावन धारा में स्नान किया। मेलाधिकारी ने बताया कि इसके अलावा सभी दंडी स्वामी संतों, रामानंदी और रामानुजाचारी संतों ने भी बसंत पंचमी में गंगा और त्रिवेणी में डुबकी लगाई। किन्नर अखाड़े के सदस्य भी पूरे उत्साह और भक्ति के साथ संगम तट पहुंचे और स्नान किया।
Next Story