उत्तर प्रदेश

उत्तर निगम के वार्ड 64 के लोग भी आवारा मवेशियों और श्वानों के आतंक से परेशान

Admin Delhi 1
17 Feb 2023 2:49 PM GMT
उत्तर निगम के वार्ड 64 के लोग भी आवारा मवेशियों और श्वानों के आतंक से परेशान
x

कोटा न्यूज़: निगम में बोर्ड भी कांग्रेस का और वार्ड पार्षद भी कांग्रेस के इसके बावजूद भी वार्ड में कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं बनी हुई है। ना तो सड़कें ठीक हुई और बन पाई। ना नालियों के हालात सुधरे और ना सफाई व्यवस्था में कोई सुधार आया। पूरे वार्ड को खोदा हुआ है। काम वहीं हो रहे जहां पार्षद चाह रही हैं। यह कहना है कोटा नगर निगम के वार्ड नम्बर 64 के निवासियों का। वार्ड के लोग बताते हैं कि आज भी कई लोग मूलभूत सुविधाओं तक के लिए तरस रहे हैं। सीसी रोड बन तो गए लेकिन 6 माह में ही उनकी सच्चाई लोगों के सामने आ गई है। नालियां ढ़की गई लेकिन बेतरबीत तरीके से। निगम की ओर से जो कार्य करवाएं जा रहे हैं वो गुणवत्तापूर्ण नहीं है। इस वार्ड में भीमगंज मंडी मुख्य बाजार, अर्जुन गली, हरिओम बैंक्वेट, श्रीराम मंदिर गुरुद्वारा साहिब तथा सुभाष लाइब्रेरी आदि इलाकें आते हैं। इन इलाकों में रहने वाले लोगों का कहना है कि जिधर देखों उधर खुदा पड़ा है। वो काम करवाएं जा रहे हैं जिनकी जरुरत नहीं है और जिनकी सबसे ज्यादा जरुरत उनकी तरफ देखा भी नहीं जा रहा है। पार्क जीर्णोद्धार का इंतजार कर रहे हैं। कही-कही पानी ज्यादा प्रेशर से आ रहा है तो कही पीने के पानी की भी दिक्कत हैं। ये कहना कोटा नगर निगम उत्तर के वार्ड नम्बर 64 के कुछ लोगों का।

वहीं वार्ड में बना सार्वजनिक स्नानागार सहित कुछ स्थानों पर बने सीसी रोड इस बात को बयान कर रहे हैं कि वार्ड में विकास कार्य तो हुए है। वहीं वार्ड के कुछ लोगों का ये भी कहना है कि वार्ड में विकास कार्य खूब हुए हैं। पार्षद प्रतिनिधि को कोई भी समस्या बताओं वे उसका समाधान करवाने का पूरा प्रयास करते हैं। वार्ड के कई हिस्सों में सीसी सड़कें बन चुकी है। जहां पहले सड़कों पर गड्ढेंÞ नजर आते थे आज वहां सपाट रोड नजर आ रहे हैं। साफ सफाई टाइम पर हो रही है। टिपर समय पर आते हैं। रोड लाइट कई स्थानों पर नई भी लगवाई गई हैं और जो क्षतिग्रस्त थी उनको ठीक भी करवाया गया है। पीने के पानी का प्रेशर ठीक है। पार्षद प्रतिनिधि वार्ड में नियमित समय देते हैं। लोगों की समस्याओं को मौके पर जाकर देखते हैं। वार्डवासियों का कहना है कि वार्ड के कुछ हिस्सों को देखने के बाद लगता ही नहीं कि हम स्मार्ट सिटी में रह रहे हैं। सड़कों-गलियों में आवारा मवेशी और श्वान झुंड के रूप में बैठ-घूमते नजर आ जाएंगे। वार्ड के कुछ हिस्सों को छोड़कर लगभग हर हिस्से में कई काम बाकी हंै। लोग अपनी समस्याओं का समाधान अपने ही हिसाब से करवाते हैं। विशेषतौर से कोई भाजपा समर्थकों और कार्यकर्ताओं के काम तो घूमते-घूमते भी नहीं होते हैं। वार्ड की समस्याओं की लम्बी लिस्ट हैं। वार्ड में विकास का ऐसा कोई बड़ा काम नहीं हुआ है जिसे निगम की उपलब्धि बताया जा सकें।

कोई कसर नहीं छोड़ी

वार्डपार्षद का कहना है कि उन्होंने वार्ड के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सबकी समस्याओं का समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाता है। किसी भी पार्टी का हो अगर समस्या का नियमानुसार समाधान किया जा सकता है तो करने का पूरा प्रयास करती हूं। वार्ड में सीसी सड़कें, पार्कों का जीर्णोद्धार तथा नाली पटान सहित कई कार्य करवाएं है। रही बात आवारा मवेशियों और श्वानों की तो ये इस वार्ड की नहीं पूरे शहर की भारी समस्या है।

मानदंडों के अनुसार नहीं हो रहे विकास कार्य

वार्ड की नालियों की हालत बेकार है। कचरे के कारण कई बार नालियां जाम हो जाती है और गंदा पानी सड़कों पर फैलता रहता है। पीने के पानी की कोई दिक्कत नहीं है। एक तरफ का काम पूरा होने से पहले ही दूसरी तरफ के रोड खोद दिए जाते हैं। विवेकानन्द पार्क में पुरानी रैलिंग को तोड़कर नई लगवाई गई जबकि कोई जरूरत नहीं थी। वहां तो जिम की मशीनें आवश्यक है। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। नाली पटान और सीसी के काम उचित मानदंडों से नहीं हो रहे हैं।

-ट्विंकल खनूजा, वार्डवासी।

विकास कार्य के नाम पर पुराने कार्यों को तोड़कर नया बनवाया जा रहा है। वो काम हो रहे हैं जिनकी आवश्यकता ही नहीं है। वार्ड को पूरी तरह से खोदकर लोगों को परेशानियां दी गई है। सीसी रोड फैल हो रहे हैं। कुछ महीनों बाद ही वे टूटने लगे हैं। जब उन पर डामरीकरण ही करना है तो सीसी बनाएं ही क्यों जा रहे हैं।

-रघुवेन्द्र पान्डेय, वार्डवासी।

सुभाष लाइब्रेरी का जीर्णोद्धार, जर्जर भीमगंज मंडी मुख्य बाजार व राममंदिर मार्ग सीसी रोड कार्य, अजय आहूजा पार्क से लेकर नाले के सहारे जर्जर हरितीमा पट्टी पर लगभग 400 मीटर लंबाई का पार्क विकसित कर उसमें वाकिंग ट्रेक, ग्रेनाइट बेंच, ओपन जिम की सुविधाएं उपलब्ध करवाई है। सबसे बढ़िया काम गुरुद्वारा साहिब प्रवेश मार्ग को चौड़ा करने का हुआ है।

-निशा गौतम, वार्डपार्षद।

Next Story