- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Waterlogging, पर...
Waterlogging, पर नोएडा प्राधिकरण अलर्ट, 24×7 कंट्रोल रूम शुरू

Noida नोएडा : बारिश के दौरान शहर में जलभराव की शिकायतों को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। प्राधिकरण ने नागरिकों की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया। इसके तहत शहर के सभी 10 वर्क सर्किलों की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात किया गया और जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई कराई गई।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कार्यालय की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, बारिश के बाद शहर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति की जानकारी मिली थी। इसके बाद प्राधिकरण की टीमों ने मौके पर पहुंचकर पानी निकासी का काम शुरू किया। जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में जेसीबी, हाईवा, पोकलेन, सुपर सकर मशीन सहित अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से नालों की सफाई और पानी निकालने की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि शहर के सभी अंडरपासों में विशेष व्यवस्था की गई। अंडरपासों से पानी निकालने के लिए जनरेटर लगाकर पंपिंग की गई, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और सभी अंडरपास सुचारु रूप से संचालित किए जा सकें।
जल विभाग की ओर से शहर के 28 लो-लाइंग यानी निचले इलाकों को चिन्हित किया गया था। इन स्थानों पर डीजल पंपसेट लगाकर पानी की निकासी कराई गई, जिससे जलभराव की समस्या को बढ़ने से रोका जा सके। इसके अलावा कुछ स्थानों पर बेसमेंट में पानी भरने की शिकायतें भी सामने आईं, जिनका टीमों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल समाधान कराया।
नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए 104 प्रमुख नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। इन नालों की कुल लंबाई करीब 320 किलोमीटर है। सफाई अभियान में 42 जेसीबी मशीनें, दो पोकलेन मशीन और 102 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को लगाया गया है। वहीं, कवर नालों की डी-सिल्टिंग का काम पांच सुपर सकर मशीनों के माध्यम से कराया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्य का करीब 80 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है।
बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नोएडा प्राधिकरण ने हेल्पलाइन व्यवस्था भी शुरू की है। जलभराव से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए नागरिक कॉल सेंटर नंबर 0120-2423795 पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद 24 घंटे सातों दिन सक्रिय रहने वाली क्विक रिस्पांस टीम (QRT) मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगी।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूरे शहर में कूड़े के निस्तारण का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण अभियान के तहत प्रतिदिन करीब 900 टन घरेलू कचरा और लगभग 400 टन निर्माण एवं विध्वंस (C&D) अपशिष्ट का निस्तारण किया जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव, नालियों से संबंधित समस्या या किसी अन्य परेशानी की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के दौरान शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार संसाधनों की तैनाती की जाएगी।





