उत्तर प्रदेश

NEET रिजल्ट में बड़ा उलटफेर, छात्रा के अंक तीन बार बदले

Saba Naaz
17 July 2026 9:52 PM IST
NEET रिजल्ट में बड़ा उलटफेर, छात्रा के अंक तीन बार बदले
x

कानपुर: एक छात्रा के NEET परिणाम को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के रिजल्ट में कथित तकनीकी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है। कानपुर की छात्रा आर्या सिंह का दावा है कि उनका परिणाम तीन बार बदला गया। पहले उनके अंक 609 दिखाए गए, इसके बाद स्कोर घटकर 540 हो गया और कुछ ही समय बाद यह 167 अंक रह गया।

छात्रा और उसके परिवार ने इस मामले में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) और केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से शिकायत की है। आर्या सिंह के पिता राकेश कुमार सिंह ने कहा है कि अगर मामले का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वह न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। उनका आरोप है कि परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर तकनीकी खामियां हुई हैं, जिससे उनकी बेटी के भविष्य पर असर पड़ा है।

जानकारी के मुताबिक, आर्या सिंह कानपुर के पनकी रतनपुर स्थित शताब्दी नगर की रहने वाली हैं। उन्होंने 21 जून को आयोजित री-नीट परीक्षा में हिस्सा लिया था। परीक्षा के बाद जारी हुई ओएमआर शीट और फाइनल आंसर-की के मिलान के आधार पर छात्रा का दावा है कि उनके कुल 609 अंक बन रहे थे।

आर्या और उनके पिता के अनुसार, एनटीए द्वारा 13 जुलाई को जारी की गई पहली ओएमआर शीट में भी गड़बड़ी दिखाई दी। छात्रा का आरोप है कि ओएमआर शीट में प्रश्न संख्या 77 गायब था, जबकि प्रश्न संख्या 85 दो बार दर्ज किया गया था। इस तकनीकी त्रुटि को लेकर उन्होंने एनटीए पोर्टल पर आपत्ति दर्ज कराई।

शिकायत के बाद एनटीए की ओर से दूसरी अपडेटेड ओएमआर शीट जारी की गई। हालांकि छात्रा के परिवार का कहना है कि नई ओएमआर शीट का सीरियल नंबर भी बदल दिया गया। पहली ओएमआर शीट का नंबर 3823333 था, जबकि अपडेटेड शीट का नंबर 3824338 बताया गया। दोनों ओएमआर शीट और एनटीए की फाइनल आंसर-की के मिलान के बाद भी छात्रा का दावा है कि उनके 609 अंक ही बन रहे थे।

परिवार के मुताबिक, असली परेशानी 16 जुलाई को रिजल्ट जारी होने के बाद शुरू हुई। आर्या ने बताया कि रात करीब 12 बजे जब उन्होंने एनटीए पोर्टल पर अपना स्कोर कार्ड देखा तो उसमें 540 अंक दिखाई दे रहे थे। उन्होंने दोबारा लॉगिन किया तो भी यही अंक दर्ज थे। इसके बाद रात करीब दो बजे फिर से स्कोर कार्ड देखने पर अंक अचानक घटकर 167 रह गए।

छात्रा का कहना है कि रिजल्ट में हुए इस बदलाव के कारण उनकी रैंक पर भी बड़ा असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान स्कोर के आधार पर उनकी ऑल इंडिया रैंक 12,52,036 और जनरल कैटेगरी रैंक 3,67,585 दिख रही है। उनका दावा है कि यदि 609 अंक के आधार पर परिणाम जारी होता तो उनकी रैंक काफी बेहतर होती और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की संभावना बढ़ जाती।

आर्या सिंह ने एनटीए और शिक्षा मंत्रालय को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत के साथ उन्होंने ओएमआर शीट, चैलेंज से जुड़े दस्तावेज, अपडेटेड ओएमआर शीट और फाइनल आंसर-की जैसे सभी प्रमाण भी भेजे हैं। उन्होंने एजेंसी से पूरे मामले की जांच कर सही परिणाम जारी करने की मांग की है।

आर्या के पिता राकेश कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने भारतीय सेना की राजपूताना राइफल्स में रहकर देश की सेवा की है। उनका कहना है कि बेटी ने मेहनत के साथ परीक्षा दी थी, लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण उसका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर दो दिनों के अंदर उचित समाधान नहीं मिला तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे।

फिलहाल इस मामले में एनटीए की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रा और उसका परिवार अब जांच और सही स्कोर जारी होने का इंतजार कर रहा है। NEET जैसे महत्वपूर्ण परीक्षा परिणाम में अंक बदलने के आरोप ने एक बार फिर परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और तकनीकी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Next Story