- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- मुख्तार अंसारी के...
मुख्तार अंसारी के करीबी अंगद राय की 9.5 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Ghazipur। उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिवंगत गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के करीबी सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी करीब 9.5 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क कर ली है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं असामाजिक गतिविधियां (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई। पुलिस ने बताया कि गाजीपुर के जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित संपत्तियों को कुर्क किया। जांच में सामने आया कि अंगद राय ने अपराध और अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से यह संपत्ति खरीदी थी।
पुलिस के मुताबिक, कानूनी कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से आरोपी ने संपत्ति अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर दर्ज कराई थी। जांच के दौरान इन संपत्तियों को अवैध आय से अर्जित पाया गया, जिसके बाद कुर्की की कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई गाजीपुर कोतवाली थाने में वर्ष 2023 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले के तहत की गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अपराधियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अंगद राय पर दर्ज हैं कई मामले
अंगद राय उर्फ झूलन का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और दूसरी कई गंभीर धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं. वो लंबे समय से इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.





