उत्तर प्रदेश

MP News: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त

Sarita
10 March 2025 9:44 AM IST
MP News: वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त
x
MP News: वन विभाग ने नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मसूरपानी में भारी मात्रा में अवैध लकड़ी और फर्नीचर जब्त किया है। यह छापेमारी डीएफओ विवेक सिंह के निर्देशन और एसडीओ कुलदीप त्रिपाठी के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम ने की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में करीब 0.880 घन मीटर सागौन की लकड़ी बरामद की गई।
वन परिक्षेत्र अधिकारी पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान गुलाब पिता गेंदालाल विश्वकर्मा, राजेश पिता बख्शी विश्वकर्मा और दयाराम पिता जगदीश विश्वकर्मा के घरों से भारी मात्रा में लकड़ी जब्त की गई। इसके अलावा अवैध लकड़ी से बने कई फर्नीचर भी बरामद किए गए हैं।
वन विभाग ने इस मामले में वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम-1969 और वन नियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई काफी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि करीब दस साल बाद मसूरपानी गांव में इतनी बड़ी छापेमारी की गई है।
वन माफियाओं पर नकेल
गौरतलब है कि नौरोजाबाद वन परिक्षेत्र के ग्राम हरधा में अवैध कटाई की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं, जिस पर समय-समय पर कार्रवाई भी की जाती रही है। हालांकि, मसूरपानी में पिछले कई सालों से कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई थी। इस छापेमारी से वन विभाग को वन माफियाओं पर नकेल कसने में बड़ी सफलता मिली है।
वन संपदा के अवैध दोहन पर अंकुश लगाने की जरूरत
वन विभाग के मुताबिक, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कटाई और तस्करी की गतिविधियां चल रही थीं, लेकिन स्थानीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई न होने से यह कारोबार फल-फूल रहा था। हाल ही में हुई इस कार्रवाई के बाद अब अन्य संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी, ताकि वन संपदा की लूट को रोका जा सके। वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कटाई के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कटाई में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story