- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Moradabad: बंद कमरे...
Moradabad: बंद कमरे में सो रहे दो मासूमों की दर्दनाक मौत

मुरादाबाद: जिले के छजलैट क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ठंड से बचने के लिए जलाई गई अंगीठी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बंद कमरे में सो रहे परिवार के दो नन्हे बच्चों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि माता-पिता और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
जानकारी के अनुसार, रमपुरा गांव निवासी जावेद उर्फ पप्पू (35) मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर छजलैट के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक चाय की कैंटीन चलाते हैं। उनका घर कैंटीन से कुछ ही दूरी पर स्थित है। गुरुवार रात करीब 11 बजे जावेद अपनी पत्नी शाहिस्ता (32) और तीन बच्चों—शिफान (6), आहिल (4) व आयरा (3)—के साथ एक कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए।
रात के दौरान अंगीठी से निकलने वाली जहरीली गैस कमरे में भरती चली गई, जिससे सभी की हालत बिगड़ गई। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे तक जब परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकले, तो पास के कमरे में सो रहे भतीजे आमिर खान और साले सलाउद्दीन को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर काफी देर बाद जावेद ने किसी तरह दरवाजा खोला, लेकिन वह खुद बेहोशी की हालत में थे।
कमरे के अंदर शाहिस्ता और तीनों बच्चे अचेत पड़े मिले। शोर मचने पर आसपास के लोग जुट गए और सभी को तत्काल छजलैट के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने आहिल और आयरा को मृत घोषित कर दिया, जबकि बड़े बेटे शिफान, जावेद और शाहिस्ता को उपचार के बाद होश आ गया। फिलहाल तीनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर एएसपी अभिनव द्विवेदी और छजलैट पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने लिखित रूप में दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम न कराने की इच्छा जताई, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिए गए।





