उत्तर प्रदेश

Moradabad : डंपर ने ई-रिक्शा को कुचला, दो छात्रों की मौत

Sarita
22 May 2025 7:44 AM IST
Moradabad : डंपर ने ई-रिक्शा को कुचला,  दो छात्रों की मौत
x
Moradabad मुरादाबाद: बिलारी थाना क्षेत्र में मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर अमरपुर काशी गांव के पास बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ग्रामोदय महाविद्यालय व शोध संस्थान जा रहे एमए के तीन छात्रों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक छात्र व ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। थाना बिलारी नगर के मोहल्ला अब्दुल्ला बाड़ा निवासी शबनम, सहसपुर के चौड़ा खरंजा निवासी फरहा पुत्री अब्दुल सलाम व चांदनी पुत्री नासिर रोजाना की तरह बुधवार सुबह ई-रिक्शा से कॉलेज जा रही थीं।
अमरपुर काशी गांव के पास छात्राएं ई-रिक्शा से उतरकर किराया दे रही थीं, तभी तेज रफ्तार व अनियंत्रित गति से आ रहे डंपर ने ई-रिक्शा को कुचल दिया। हादसे में शबनम व चांदनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फरहा व ई-रिक्शा चालक राजू पुत्र सूरज निवासी अमरपुर काशी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी अमरनाथ वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सभी घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल बिलारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शबनम और चांदनी को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर सुनते ही दोनों छात्राओं के परिवारों में कोहराम मच गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर और चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Next Story