- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Meerut: पुलिस पर घर...

Meerut मेरठ : जनपद के मवाना थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर आधी रात एक घर में घुसकर मारपीट और अभद्रता करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में महिला की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और प्रकरण की जांच मवाना क्षेत्राधिकारी (सीओ) को सौंपी गई है।
मोहल्ला मुन्नालाल निवासी नसीमा ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि 25 जून की रात करीब दो बजे मवाना थाने के दरोगा प्रशांत मिश्रा और एक अन्य पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और जबरन घर में प्रवेश कर उनके बेटे जाकिर के बारे में पूछताछ करने लगे।पीड़िता के अनुसार, उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि उनका बेटा जाकिर इंदौर में रहता है, लेकिन इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी बात पर भरोसा नहीं किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान उनके साथ और उनकी पुत्रवधु के साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा मारपीट भी की गई।
नसीमा का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय स्तर पर शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके चलते उन्हें मजबूर होकर एसएसपी कार्यालय जाना पड़ा, जहां उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी कार्यालय ने जांच के आदेश दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी मवाना क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज लवानिया को सौंपी गई है। सीओ को निर्देश दिए गए हैं कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
वहीं, इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि पुलिस टीम हिस्ट्रीशीटर के सत्यापन के लिए संबंधित पते पर गई थी। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों की किसी प्रकार की लापरवाही, अनुचित व्यवहार या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।





