उत्तर प्रदेश

धूल भरी आंधी और 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, रहें सावधान

Saba Naaz
29 Jun 2026 8:12 PM IST
धूल भरी आंधी और 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, रहें सावधान
x

UP Weather Alert: लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है और अगले 24 से 48 घंटे मौसम का रुख काफी आक्रामक रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने 29 जून 2026 को ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है. यूपी के कई हिस्सों में भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं के लगातार प्रवेश और मानसून की उत्तरी सीमा के उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने से बारिश की गतिविधियों में व्यापक वृद्धि होने वाली है. विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव और मौसम जनित परेशानियां बढ़ सकती हैं.

यूपी के कई जिलों में आज रात में होगी बारिश

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 जून से 30 जून के बीच देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और आसपास के जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है. वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, गोंडा और बलरामपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगी. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कई स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए.

तीन दिन लगातार होगी बारिश

IMD के अनुसार 30 जून से 3 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां जारी रहेंगी. 30 जून, 1 जुलाई और 2 जुलाई को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा और बलरामपुर के अलावा अयोध्या, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत अनेक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. विभाग ने कहा है कि 29 जून से 2 जुलाई तक कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, जबकि 3 जुलाई को भी मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी.

उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से काफी कम

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 29 जून तक उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश सामान्य से काफी कम दर्ज की गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में सामान्य 101.2 मिमी के मुकाबले केवल 36.2 मिमी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सामान्य 72.3 मिमी के मुकाबले 36.3 मिमी तथा पूरे प्रदेश में सामान्य 89.2 मिमी के मुकाबले 36.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. उत्तर प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 59 प्रतिशत कम वर्षा हुई है. विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों में सक्रिय होने वाला मानसून इस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकता है. किसानों, यात्रियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है.

Next Story