उत्तर प्रदेश

खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Gulabi Jagat
29 Aug 2026 9:05 PM IST
खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग, मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
x

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शनिवार शाम एक खिलौना फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना साहिबाबाद थाना क्षेत्र के साइट-4 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पांडा बेबी प्रोडक्ट्स की टॉय फैक्ट्री की है। आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें और धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में खिलौना बनाने का सामान और प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।




10 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने करीब 10 फायर टेंडर मौके पर भेजे हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आसपास के इलाकों को भी एहतियात के तौर पर खाली कराया जा रहा है।

हादसे में नुकसान का आकलन जारी

फिलहाल आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दमकल विभाग और पुलिस की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के समय फैक्ट्री में कितने कर्मचारी मौजूद थे। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सकेगा। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Story