उत्तर प्रदेश

Pilibhit में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप

Tara Tandi
8 May 2025 5:14 PM IST
Pilibhit में विवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप
x
Barkheda बरखेड़ा । संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की ससुराल में मौत हो गई। अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज पुलिस जांच कर रही है।
बरेली जनपद के थाना भमौरा क्षेत्र के ग्राम भोजपुर के रहने वाले भगवानदास ने बताया कि उनकी बहन राधा (24) पुत्री नत्थूलाल की शादी तीन साल पहले वर्ष 2022 में बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम केसोपुर के निवासी मनीष से हुई थी। शादी के वक्त भी ससुराल वालों ने दहेज में बाइक की मांग को लेकर परेशान किया था। हालांकि बाद में मनचाही बाइक दे दी गई थी। इसके बाद काफी समय से पांच लाख रुपये की मांग की जा रही थी। जिसके पूरा न होने पर बहन राधा को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार इसे लेकर पंचायत हुई और समझाया लेकिन ससुरालियों का व्यवहार नहीं बदला।
बुधवार रात करीब आठ बजे आसपास के ग्रामीणों से बहन की मौत की सूचना मिली। जबकि ससुराल वालों ने एक अन्य रिश्तेदार को हार्टअटैक आने की बात कहकर गुमराह किया। इसकी जानकारी मिलने पर वह देर रात ही बहन की ससुराल पहुंच गए। बाकी परिवार वाले गुरुवार सुबह तक पहुंचे। बहन का शव ससुराल में जमीन पर पड़ा हुआ था। गले पर निशान बना हुआ था।
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद सीओ बीसलपुर डॉ.प्रतीक दहिया, नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर बरखेड़ा प्रदीप कुमार बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। फारेंसिक टीम ने भी सुरागरसी की। मायके वालों ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या करने का आरोप ससुराल वालों पर लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद परिवार में चीख पुकार मची रही। मृतका के सवा साल का पुत्र लव है।
Next Story