उत्तर प्रदेश

Noida पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी में शामिल पांच महिलाएं दबोची गईं

Ratna Netam
17 July 2026 6:31 PM IST
Noida   पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी में शामिल पांच महिलाएं दबोची गईं
x

Noida नोएडा : गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में इन महिलाओं को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाएं एनसीआर क्षेत्र में गांजा की तस्करी और बिक्री करने का काम करती थीं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थाना सेक्टर-20 पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं गांजा की खेप लेकर सेक्टर-18 क्षेत्र में मौजूद हैं और उसे सप्लाई करने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-18 स्थित बिजलीघर के पास बने पार्क में घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।

थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग इलाके में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई कर रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी और कार्रवाई करते हुए पांच महिलाओं को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 6 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नेहा उम्र 34 वर्ष निवासी राजगढ़ मध्य प्रदेश, प्रेमा उम्र 28 वर्ष निवासी राजगढ़ मध्य प्रदेश, बिंदिया उर्फ सोनाक्षी उम्र 34 वर्ष निवासी राजगढ़ मध्य प्रदेश, लक्ष्मी उम्र 33 वर्ष निवासी आगरा हाल पता कल्याणपुरी दिल्ली और सुशीला उर्फ करिश्मा उम्र 30 वर्ष निवासी आगरा हाल पता कल्याणपुरी दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एनसीआर क्षेत्र में गांजा की सप्लाई करती थीं। आरोपी महिलाएं अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों तक मादक पदार्थ पहुंचाने का काम करती थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का संचालन कौन कर रहा था और गांजा की खेप कहां से लाई जाती थी।

जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और लंबे समय से यह अवैध कारोबार किस तरह चलाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

इस मामले में थाना सेक्टर-20 पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं में से चार आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रही हैं। नेहा, बिंदिया उर्फ सोनाक्षी, लक्ष्मी और सुशीला उर्फ करिश्मा के खिलाफ चोरी, लूट और चोरी का सामान रखने जैसे मामलों में पहले से विभिन्न जिलों और दिल्ली के थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। इस कार्रवाई को नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Next Story