- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Bijnor; में गरजे सीएम...
Bijnor; में गरजे सीएम योगी, बोले- अब प्रदेश में कानून का राज है

Bijnor बिजनौर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर में आयोजित जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री यहां करीब एक हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, विकास कार्यों और गन्ना किसानों के मुद्दे पर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग प्रदेश में दंगा, गुंडागर्दी, अपराध और माफिया वाला दौर वापस लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी सोच रखने वाले लोग समाज को बांटने का काम करते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "उन्हें जिन्ना पसंद हैं, लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है।" मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है और गन्ना किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज स्थापित हो चुका है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले अपराधियों और माफियाओं का दबदबा था और आम लोगों में असुरक्षा का माहौल रहता था। उन्होंने कहा कि उस समय धार्मिक आयोजनों को लेकर भी लोगों में डर रहता था और कई बार कांवड़ यात्रा, रामनवमी, जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों में बाधाएं आती थीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। आज प्रदेश में धार्मिक आयोजन बिना भय और उत्साह के साथ हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब उत्तर प्रदेश में न तो कर्फ्यू का माहौल है और न ही दंगों का दौर, बल्कि विकास और सुशासन की दिशा में प्रदेश आगे बढ़ रहा है।
पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कार्यकाल में बिजनौर के विकास को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिली, जबकि वर्तमान सरकार ने जिले के विकास के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता को बांटने की कोशिश करते हैं, लेकिन सरकार का ध्यान विकास और जनकल्याण पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री ने बिजनौर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया। उन्होंने जिले के साहित्यकारों, वैज्ञानिकों और समाजसेवियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बिजनौर अपनी पहचान को मजबूत करते हुए विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब एक हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि जिले में सड़क, हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज और अन्य क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा किसानों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए गन्ना भुगतान और कृषि क्षेत्र से जुड़े कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बिजनौर अब विकास की नई तस्वीर पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रदेश को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना है।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के अंदाज में कहा कि जिन्हें बिजनौर में हो रहे विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे, उन्हें जरूरत पड़े तो यहां का चर्चित तेंदुआ भी दिखा दिया जाए, शायद तब उन्हें बदलाव नजर आए। मुख्यमंत्री के इस बयान पर जनसभा में मौजूद लोगों ने जमकर प्रतिक्रिया दी।
मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विकास योजनाओं को लेकर सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा गया और प्रदेश में विकास, सुरक्षा तथा सुशासन के मुद्दों पर जोर दिया गया।





