- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Banaras–मुंबई समर...
Banaras–मुंबई समर स्पेशल ट्रेन में बड़ा हादसा, इंजन पर चढ़ा युवक हाई वोल्टेज करंट से झुलसा

Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: कैंट स्टेशन स्थित प्लेटफॉर्म नंबर तीन के आउटर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बनारस–मुंबई समर स्पेशल ट्रेन के रवाना होने के कुछ ही देर बाद एक विक्षिप्त युवक इंजन पर चढ़ गया और ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन में प्रवाहित हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। करंट लगते ही युवक नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके पेट में गंभीर जलन हो गई और हाथ व पीठ पर भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल युवक को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 01074 बनारस–मुंबई समर स्पेशल ट्रेन शनिवार सुबह प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हुई थी। कुछ ही समय बाद एक युवक अचानक ट्रेन के पीछे से इंजन पर चढ़ गया। इंजन (डब्ल्यूएपी-9एसी 42845) पर चढ़ते ही वह ऊपर मौजूद हाई वोल्टेज ओवरहेड तारों के संपर्क में आ गया और जोरदार करंट का झटका लगते ही नीचे गिर पड़ा।
WAP-9 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव 42845 के पेंटोग्राफ के संपर्क में आने से विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई, जिसके कारण ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई। घटना के बाद पेंटोग्राफ नीचे हो गया और ट्रेन वहीं खड़ी हो गई।
लोको पायलट महावीर मौर्य ने तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों और RPF की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए रेल संचालन प्रभावित हुआ, हालांकि बाद में स्थिति को सामान्य कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों और आउटर क्षेत्रों में निगरानी और बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीर मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है।





