उत्तर प्रदेश

Lucknow: घर में आग लगने से महिला की मौत

Sarita
13 Jan 2026 7:30 AM IST
Lucknow: घर में आग लगने से महिला की मौत
x
Lucknow: रवीन्द्र पल्ली के रोहतास एन्क्लेव के डुप्लेक्स मकान में सोमवार को हुई आग की घटना का जो मंजर पड़ोसियों ने बयां किया, उससे किसी का भी दिल दहल सकता है। मकान के सामने रहने वाली प्रत्यक्षदर्शी वीना अग्रवाल ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर वह अपनी बालकनी में पहुंचीं। देखा तो किड्जी स्कूल की संचालिका निदा रिजवी बालकनी में लकड़ी से बने ड्राइंग रूम की छत पर आग की लपटों के बीच खड़ी थीं। वुडन फ्रेम स्ट्रक्चर के किनारे पर खड़ी निदा सीढ़ी लगाओ-सीढ़ी लगाओ चिल्ला रही थीं।
वीना ने लकड़ी के स्ट्रक्चर से हटकर सीढ़ियों से नीचे उतरने के लिए कहा। निदा ने कहा कि आंटी सीढ़ियों पर धुआं भरा है, मैं नहीं उतर पाऊंगी। वीना ने गार्ड और नौकर से सीढ़ी लाने को कहा। वीना ने बताया कि सीढ़ी आने से पहले ही स्ट्रक्चर आग से कमजोर होने के कारण थोड़ा सा टूट गया और निदा नीचे गिर गई। जमीन से टकराते ही उनका सिर फट गया। बुरी तरह से घायल निदा को लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
निदा के घर पर काम करने वाली नूरजहां ने बताया कि सोमवार को निदा की बेटी जारा को पढ़ाई के लिए वापस विदेश जाना था, इसलिए रविवार को वह घर पर ही रुकी थी। सुबह 22 रजब की नज्र के बाद वह घर जाने के लिए निकली, लेकिन निदा के पिता मो. हसीन के कहने पर थोड़ी देर के लिए रुक गई। कुछ ही देर बाद शोर-शराबा सुनकर वह बाहर निकली तो आग की लपटें देख घबरा गई। उन्हें लगा निदा और उसका परिवार सो न रहा हो। ऐसे में वह ऊपर गई, लेकिन लपटें ज्यादा थीं, इसलिए वह लौट आईं। नूरजहां ने बताया कि इस बीच निदा स्ट्रक्चर के किनारे खड़ी हो गई और मदद के लिए शोर मचाने लगीं। नूरजहां के मुताबिक उसने निदा से पीछे जाने को कहा, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद निदा जमीन पर गिर गई।
Next Story