- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- LUCKNOW: बेकाबू ट्रक...
उत्तर प्रदेश
LUCKNOW: बेकाबू ट्रक ने दोस्त को कुचला तो युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर की आत्महत्या
Sarita
26 Jun 2025 7:30 AM IST

x
LUCKNOW लखनऊ: मलिहाबाद थाना क्षेत्र के सरावन गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां, तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार मजदूर मनीष रावत (18) को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, मनीष की मौत से उसके साथ मौजूद दोस्त सागर गौतम (19) की भी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना देते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक, क्षेत्र के सरावन गांव निवासी मनीष कुमार और सागर गौतम गहरे दोस्त थे।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों साइकिल से एक बाग में आम तोड़ने जा रहे थे। रास्ते में दोनों हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी बीच सागर ने मजाक में मनीष को धक्का दे दिया। जिससे वह नियंत्रण खो बैठा। दुर्भाग्य से मनीष पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक का पहिया मनीष के ऊपर चढ़ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोस्त मनीष की मौत से सागर पूरी तरह घबरा गया और वह सड़क पर ही जोर-जोर से रोने लगा। उसने पहले दूसरे ट्रक के आगे लेटकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उस ट्रक के चालक की सूझबूझ से वह बच गया।
फिर सागर बिना सोचे समझे फरीदीपुर गांव की तरफ भागा और वहां रेलवे क्रॉसिंग पर एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मनीष के पिता संजय ने बताया कि सागर की उनके बेटे से गहरी दोस्ती थी। दोनों हमेशा साथ ही रहते थे। मनीष की मौत के सदमे में सागर ने भी रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या कर ली। इंस्पेक्टर का कहना है कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। हालांकि दोनों दोस्तों की मौत से गांव में मातम का माहौल है।
Next Story





