उत्तर प्रदेश

Lucknow : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर शव बगीचे में लटकाया

Sarita
7 April 2025 7:43 AM IST
Lucknow : प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर शव बगीचे में लटकाया
x
Lucknow लखनऊ: मलिहाबाद थाना क्षेत्र के लालगंज बड़ीगढ़ी गांव में प्रॉपर्टी डीलर नंद किशोर वर्मा (35) की हत्या कर दी गई. उसके बाद हत्यारों ने शव को बगीचे में फंदे से लटका दिया. हालांकि परिजनों ने अज्ञात लोगों पर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या का शक जताते हुए कार्रवाई की मांग की है. वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों के बयान दर्ज किए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और एक महिला को भी हिरासत में लिया. फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ करने में जुटी है. इंस्पेक्टर मलिहाबाद बैजनाथ के मुताबिक क्षेत्र के लालगंज बड़ीगढ़ी गांव निवासी प्रेमचंद वर्मा ने कुछ अज्ञात लोगों पर भाई की हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई है|
पीड़ित ने लिखित शिकायत में बताया कि भाई नंद किशोर एक निजी कंपनी में बीमा एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे, लेकिन कुछ दिनों बाद उन्होंने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुरू कर दिया. रविवार की सुबह ग्रामीणों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि भाई का शव गांव के बाहर आम के बाग में फंदे से लटका हुआ है. जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद परिजनों के बयान दर्ज किए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पीड़ित ने बताया कि बाग में संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे पता चलता है कि अज्ञात लोगों ने भाई की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर के मिर्जापुर कस्बे की रहने वाली एक महिला से अवैध संबंध थे, दोनों अक्सर साथ-साथ घूमते-फिरते थे। शक के आधार पर पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजन हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अवैध संबंध, पुरानी रंजिश, जमीन विवाद और पैसों के लेनदेन के पहलुओं पर जांच कर रही है। अभी तक प्रॉपर्टी डीलर की मौत पर संदेह बना हुआ है। मृतक पांच भाइयों में सबसे छोटा था।
Next Story