- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: ठाकुरगंज...
Lucknow: ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय में ऑक्सीजन सिलेंडर का वॉल्व फटा

लखनऊ: ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में लगे ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक गैस रिसाव होने से हड़कंप मच गया। तेज धमाके के साथ सिलेंडर का वॉल्व फट गया, जिससे मरीज, तीमारदार और मेडिकल स्टाफ घबरा गए। मौके पर पहुंची टेक्निकल टीम ने तत्काल सिलेंडर को इमरजेंसी से बाहर निकालकर वॉल्व बदलकर रिसाव को बंद किया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक चिकित्सकीय सेवाएँ बाधित रहीं।
ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी 10 बेड की है, जहां टीबी और सामान्य मरीजों का इलाज होता है। मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे, जब इमरजेंसी में करीब आठ मरीज, डॉक्टर और स्टाफ मौजूद थे, तभी एक ऑक्सीजन सिलेंडर से तेज आवाज के साथ गैस रिसाव शुरू हो गया। अचानक वॉल्व फटने से धमाका हुआ, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद क्या हुआ
घबराए तीमारदार अपने मरीजों को तुरंत बाहर ले आए। घटना की सूचना मिलते ही टेक्निकल टीम मौके पर पहुँची और सिलेंडर को इमरजेंसी से बाहर ले जाकर नया वॉल्व लगाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
सीएमएस का बयान
सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि सिलेंडर का वॉल्व फटने के कारण गैस रिसाव हुआ था, लेकिन कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टीम ने तत्काल रिसाव बंद कर दिया, जिससे मरीज, तीमारदार और मेडिकल स्टाफ सभी सुरक्षित रहे।





