उत्तर प्रदेश

Lucknow: मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से गिरकर MBBS छात्र की मौत, खून से लथपथ मिला शव

Sarita
3 July 2025 10:20 AM IST
Lucknow: मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से गिरकर MBBS छात्र की मौत, खून से लथपथ मिला शव
x
Lucknow लखनऊ: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरकर लखनऊ के एक एमबीबीएस छात्र की मौत हो गई। बुधवार सुबह उसका खून से लथपथ शव मिला। वह एक दिन पहले घर से झांसी गया था, मंगलवार रात वहीं दोस्त के कमरे में सोया था। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र की मौत हादसा है या आत्महत्या। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लखनऊ के निरालानगर निवासी डॉ. रवि खन्ना केजीएमयू में मेडिसिन विभाग में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी निधि एक स्कूल चलाती हैं।
उनका बेटा सार्थक खन्ना (22) झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में 2022 बैच का एमबीबीएस छात्र था। वह पैरामेडिकल कॉलेज स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल हॉस्टल के कमरा नंबर 58 में रहता था। साथी छात्रों ने बताया कि सार्थक मंगलवार रात लखनऊ से लौटा था। देर रात हॉस्टल पहुंचकर वह दोस्त युवराज के कमरे में सो गया। बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे बालकनी का दरवाजा खुला था।
हॉस्टल के छात्रों ने देखा कि सार्थक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा है। उसे इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खबर फैलते ही कॉलेज में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि छात्र सार्थक कमरा नंबर 60 की बालकनी से गिरा है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Next Story