उत्तर प्रदेश

Lucknow: कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का बार: दो भाइयों समेत छह कर्मचारी गिरफ्तार

Sarita
30 April 2025 10:28 AM IST
Lucknow: कैफे की आड़ में चल रहा था हुक्का बार: दो भाइयों समेत छह कर्मचारी गिरफ्तार
x
Lucknowलखनऊ: कपूरथला चौराहे के पास द डॉलर कैफे में चल रहे हुक्का बार पर पुलिस ने छापा मारकर संचालक के दो भाइयों समेत छह कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। बार से 14 हुक्के, चिलम, पाइप और फ्लेवर्ड तंबाकू बरामद किया गया। पुलिस संचालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। डीसीपी उत्तरी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि मंगलवार सुबह इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी को सूचना मिली कि कपूरथला स्थित द डॉलर कैफे में हुक्का बार चल रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारकर छह लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में सभी ने अपने नाम सादिक निवासी भिठौली खुर्द मड़ियांव, मोहम्मद तौसीफ, उसका भाई मोहम्मद तैय्यब निवासी अशफाक उल्ला नगर मदेगंज, मोहम्मद जैद निवासी त्रिवेणी नगर अलीगंज, आर्यन उर्फ ​​करन निवासी तिलक विहार मदेगंज, रेहान निवासी मदेगंज बताए। इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि कैफे का संचालन बिलाल निवासी अशफाक उल्ला नगर मदेगंज करता है। उसने कैफे की आड़ में हुक्का बार खोल रखा था। गिरफ्तार किए गए तैय्यब और तौसीफ संचालक के सगे भाई हैं। उपनिरीक्षक प्रकाश सिंह ने अलीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि आमदनी बढ़ाने के लिए उन्होंने कैफे में ही हुक्का बार खोल लिया था। जिसके बाद युवक-युवतियों की आमद बढ़ गई। कैफे की तुलना में हुक्का बार से मुनाफा भी बढ़ गया। पूछताछ में पता चला कि कैफे में आने वालों में छात्र भी शामिल हैं, जो बिना किसी रोक-टोक के बार में लंबा समय बिताते हैं। 18 वर्ष से कम उम्र के व्यक्ति को तंबाकू उत्पाद बेचना प्रतिबंधित है। द डॉलर कैफे में इस नियम की अनदेखी की जा रही थी।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोपहर में छात्र ज्यादा आते हैं। कई बार वे स्कूल यूनिफॉर्म में भी होते हैं। उन्हें प्रवेश दिया जाता है। इतना ही नहीं हुक्का बार में लोगों को बुलाने के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस संचालक की तलाश में छापेमारी कर रही है।
Next Story