- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लखनऊ अग्निकांड: SIT ने...

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग के बाद पूरे शहर में शोक का माहौल है। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। सभी शवों का पोस्टमार्टम पीएम हाउस में करीब 7 घंटे तक चला और इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए परिजन बैकुंठ धाम, हजरतगंज पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे और उन्होंने श्रद्धांजलि दी।
हादसे की जांच के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे SIT और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और पूरे भवन को सील कर जांच शुरू कर दी गई। SIT टीम में आईपीएस प्रवीण कुमार और आईएएस अमृत अभिजात भी शामिल हैं। जांच एजेंसियां हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही हैं और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी वह अवैध थी। इसे 2016 में गिराने का आदेश दिया गया था, जिसे बाद में निरस्त कर दिया गया। अब लखनऊ विकास प्राधिकरण ने बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर 15 दिन में जवाब मांगा है, जिसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने इस मामले में गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है और कॉलेज के मालिक वीरेंद्र शुक्ला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही लखनऊ विकास प्राधिकरण के 4 अफसरों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि 16 अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी की कोई व्यवस्था नहीं थी और आपातकालीन निकास भी मौजूद नहीं था। हादसे के दौरान छत का दरवाजा भी बंद था, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा। एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने कहा कि प्रारंभिक सबूत जुटा लिए गए हैं और पीड़ित परिवारों से बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





