उत्तर प्रदेश

Lucknow: जन शिकायतों का करें प्रभावी समाधान : मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब

Admindelhi1
28 Jan 2025 5:08 AM GMT
Lucknow: जन शिकायतों का करें प्रभावी समाधान : मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब
x
"11 विभागों के वरिष्ठ अधिकारी सुनेंगे समस्याएं"

लखनऊ: शहरवासियों की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए 28 जनवरी को स्मार्ट सिटी कार्यालय लालबाग में नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन किया जाएगा। मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें बिजली, पानी, सड़क, भवन निर्माण, जल निकासी, यातायात और प्रदूषण जैसी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

तेजी से समाधान पर फोकस: मंडलायुक्त ने कहा कि नागरिक सुविधा दिवस का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में आने वाली समस्याओं का प्रभावी और एकीकृत समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जन शिकायतों का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ने कहा कि इस पहल से नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और सरकारी तंत्र में जनता का विश्वास बढ़ेगा।

नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं: यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर और तेजी से उपलब्ध कराना है। डॉ. जैकब ने कहा कि कई बार नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे असंतोष पैदा होता है। यह पहल नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने के लिए की गई है।

11 विभागों के वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद: इस आयोजन में जिलाधिकारी, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम, जल निगम, लेसा, जलकल, प्रदूषण नियंत्रण, लोक निर्माण विभाग, आवास विकास और यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नागरिकों की समस्याओं का समाधान उच्च संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित करें।

Next Story