उत्तर प्रदेश

Lucknow Crime:दामाद की चाकू मारकर हत्या, 4 लोग गिरफ्तार

Sarita
18 Feb 2026 6:53 AM IST
Lucknow Crime:दामाद की चाकू मारकर हत्या,  4 लोग  गिरफ्तार
x
Lucknow Crime: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके से हत्या की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रेम विवाह से नाराज ससुराल वालों ने अपने ही दामाद की हत्या कर दी। पहले बेटी को मायके लाए। फिर उसकी विदाई के बहाने दामाद को ससुराल बुलाया गया और फिर उसकी लाश बिछा दी गई। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए लड़की के पिता और भाइयों समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के रहने वाले रामसागर की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए काकोरी की रहने वाली कामिनी से हुई थी। धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। चूंकि परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे, इसलिए दिसंबर 2024 में रामसागर और कामिनी ने घर से भागकर पहले एक मंदिर में और फिर कोर्ट में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों पीलीभीत में ही बस गए थे।शादी के बाद से ही कामिनी के घरवाले इस रिश्ते से बेहद नाराज थे और दोनों परिवारों के बीच तनातनी बनी हुई थी। कुछ समय पहले कामिनी के घरवालों ने चाल चली और उसे यह कहकर मायके बुला लिया कि वे अब इस शादी को स्वीकार करते हैं और सभी रीति-रिवाजों के साथ कामिनी की विदाई करेंगे।
रामसागर के भाई राहुल के मुताबिक, 16 फरवरी को कामिनी के पिता और भाइयों ने रामसागर को फोन कर काकोरी बुलाया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि अब पुरानी बातें भूलकर वे कामिनी को औपचारिक रूप से विदा कर देंगे। अपने ससुराल वालों पर भरोसा कर रामसागर खुशी-खुशी काकोरी पहुंचा। इस दौरान घात लगाकर बैठे कामिनी के पिता और भाइयों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने चाकू से गोदकर रामसागर को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
Next Story