उत्तर प्रदेश

Lucknow: बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर पहुंची गाय

Admindelhi1
5 Aug 2025 3:57 PM IST
Lucknow: बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर पहुंची गाय
x
"नगर निगम की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू"

लखनऊ: शहर के मलाही टोला-2 वार्ड की अली कॉलोनी में सोमवार को एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब एक गाय रहस्यमय तरीके से एक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल तक पहुंच गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोग भयभीत हो गए।

स्थानीय पार्षद गुलशन अब्बास रिज़वी को जब लोगों ने इसकी सूचना दी तो उन्होंने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा को सूचित किया। डॉ. वर्मा के निर्देश पर नगर निगम की एक विशेष प्रशिक्षित टीम मौके पर भेजी गई।

नगर निगम द्वारा जारी बयान में कहा गया कि टीम ने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया और गाय को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि न तो गाय को कोई नुकसान पहुंचे और न ही नीचे मौजूद लोगों को कोई खतरा हो।

रेस्क्यू के बाद गाय को नगर निगम की गौशाला में भेजा गया, जहां उसकी देखभाल और इलाज की व्यवस्था की गई है। अधिकारी डॉ. वर्मा ने बताया कि लखनऊ नगर निगम आवारा और संकट में फंसे मवेशियों की देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पार्षद गुलशन अब्बास रिज़वी ने मीडिया को बताया, "गाय के चौथी मंजिल पर पहुंचने की खबर हैरान कर देने वाली थी। तुरंत नगर निगम को सूचित किया गया, जिन्होंने कुशलता से गाय को नीचे उतार लिया। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि गाय इमारत की ऊपरी मंजिल तक कैसे पहुंची।"

इस अनोखी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। हालांकि नगर निगम की त्वरित और सतर्क कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

Next Story