- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lucknow: गोमती नदी में...
Lucknow: गोमती नदी में शव बरामद, पहचान का प्रयास जारी

लखनऊ: गोमतीनगर क्षेत्र में बुधवार को गोमती नदी से एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए। दोनों शव एक घंटे के अंतराल में गोमती नगर रिवर फ्रंट और समता मूलक चौराहे के पास मिले। फिलहाल दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 11 बजे एसीपी गोमतीनगर कार्यालय के पीछे गोमती रिवर फ्रंट के पास नदी में एक युवक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव काफी हद तक सड़ चुका था। युवक के शरीर पर नीली पैंट, नीली टी-शर्ट और बेल्ट मिली है।
इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे समता मूलक चौराहे के पास पुल के नीचे नदी में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। युवती ने काले रंग का टॉप, नीली जींस, गुलाबी जूते, सफेद मोजे पहन रखे थे और कानों में रंग-बिरंगी बालियां थीं।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष और युवती की उम्र करीब 25 वर्ष आंकी गई है। युवती का शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि दोनों शव दूर से बहकर आए और बैराज के पास फंस गए।पुलिस ने शवों की पहचान के लिए फोटो सोशल मीडिया पर जारी किए हैं और आसपास के जिलों व सभी थानों को भी भेजे गए हैं। पहचान न होने की स्थिति में 72 घंटे बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





