- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Lakhimpur Kheri:...
उत्तर प्रदेश
Lakhimpur Kheri: संदिग्ध परिस्थितियों में गन्ने के खेत में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव,हड़कंप
Sarita
13 Jun 2025 8:21 AM IST

x
Lakhimpur Kheri :संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के गांव महंगापुर कॉलोनी चक मार्ग स्थित गन्ने के खेत में गुरुवार को 50 वर्षीय ग्रामीण का शव मिलने से हड़कंप मच गया। वह बुधवार को अपने साढ़ू के घर आयोजित रामायण पाठ व भंडारे में शामिल होने गया था। परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पलिया कोतवाली क्षेत्र के गांव मरौचा निवासी अजय उर्फ बुद्धू (50) बुधवार शाम संपूर्णानगर थाना क्षेत्र के गांव परसापुर में अपने साढ़ू रामसागर के घर रामायण व भंडारे में शामिल होने गया था। परिजनों के मुताबिक वह रिश्तेदार के यहां भंडारे में शामिल होने के बाद रात आठ बजे घर के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। गुरुवार की शाम करीब चार बजे कुछ रिश्तेदारों ने उसकी बाइक चक मार्ग पर खड़ी देखी तो इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और खेत में तलाश की तो उसका शव गन्ने के खेत में मिला। शव देखकर परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह व परसापुर चौकी इंचार्ज मेघनाथ यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
परिजनों के मुताबिक मृतक के शरीर पर चोट के निशान व फफोले मिले हैं। मृतक के शरीर पर मिले महिला के कपड़े के टुकड़े व जेब से मिले मोबाइल की अंतिम कॉल के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मृतक के पुत्र ने पिता की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





