उत्तर प्रदेश

Illegal निर्माण पर कार्रवाई न होने से भड़का आक्रोश

Ratna Netam
6 July 2026 2:50 PM IST
Illegal  निर्माण पर कार्रवाई न होने से भड़का आक्रोश
x

Meerut मेरठ : हिंदू स्वाभिमान परिषद एवं गुरु गोरक्षनाथ कामधेनु गौ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्राधिकरण में कथित भ्रष्टाचार, अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अमित भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से लगातार शिकायतें, ज्ञापन और धरना-प्रदर्शन किए जाने के बावजूद एमडीए के अधिकारियों के खिलाफ कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के बढ़ते मामलों के कारण सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है।

उन्होंने दावा किया कि संगठन द्वारा कई बार मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और सचिव को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन हर बार केवल कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जबकि धरातल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते संगठन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।संगठन ने विशेष रूप से रोटा रोड स्थित रिशकुंज कॉलोनी का उल्लेख करते हुए वहां कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाए तो कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं और दोषियों की पहचान संभव होगी।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो मेरठ विकास प्राधिकरण कार्यालय पर बड़ा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है।संगठन का आरोप है कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी अवैध निर्माण कार्यों को संरक्षण देकर मिलीभगत कर रहे हैं, जिससे न केवल शहर की योजनाबद्ध विकास प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, बल्कि आम जनता को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रदर्शन में संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मूलचंद शर्मा, राष्ट्रीय प्रभारी सुशील वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष अमित तोमर और मेरठ मंडल अध्यक्ष राहुल उपाध्याय प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में एमडीए के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया, लेकिन संगठन ने साफ संकेत दिए कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Next Story