उत्तर प्रदेश

Kushinagar: गांवों में बेखौफ धधक रहीं कच्ची शराब की भट्ठियां

Gulabi Jagat
18 April 2025 9:25 PM IST
Kushinagar: गांवों में बेखौफ धधक रहीं कच्ची शराब की भट्ठियां
x
Rajapakad/कुशीनगर: तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सपही टड़वा सहित आस-पास के कई गांवों में कच्ची शराब का धंधा अपने चरम पर है। गाहे-बगाहे पुलिस व आबकारी विभाग द्वारा छापेमारी कर कार्रवाई की जाती है, लेकिन यह महज औपचारिकता बन कर रह गई है। इन कार्रवाइयों के बावजूद कारोबार पर पूरी तरह लगाम नहीं लगाई जा सकी है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं जोरों पर हैं।
ग्राम पंचायत सपही टड़वा के भरवा टोली, मुसहर पट्टी, लोहर पट्टी, अतर डीहा, सोनदीया, चौहान पट्टी, सरीसवा, विजयपुर उत्तर पट्टी की पासी टोली तथा दोघरा जैसे गांवों में कच्ची शराब का निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। यहां शिक्षा का अभाव और सामाजिक जागरूकता की कमी के चलते कई घरों में खुलेआम कच्ची शराब की भट्ठियां धधकती हैं। लहन की तीखी गंध पूरे माहौल में व्याप्त रहती है।
कच्ची शराब बनाने का यह कारोबार अब एक प्रकार के कुटीर उद्योग का रूप ले चुका है। पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत के चलते यह धंधा निर्बाध रूप से फल-फूल रहा है। प्रतिस्पर्धा के चलते कुछ धंधेबाज अधिक नशे की ताकत वाली शराब बनाने के चक्कर में लहन में हानिकारक रसायनों का प्रयोग भी करने लगे हैं। छोटे-छोटे घरों या झोपड़ियों में घरेलू संयंत्र लगाकर शराब बनाई और बेची जा रही है। अब इस कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता भी सामने आ रही है। पुलिस की छापेमारी के दौरान कई बार पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं पर भी मुकदमे दर्ज हुए हैं। महिलाएं खाना बनाने के बाद चूल्हे पर मिनी संयंत्र लगाकर कुछ ही देर में दो-तीन बोतल शराब तैयार कर लेती हैं और उसकी बिक्री करती हैं।
शाम होते ही आसपास के गांवों के शराब प्रेमियों की भीड़ इन इलाकों में उमड़ने लगती है। युवाओं में कच्ची शराब की लत तेजी से बढ़ रही है, जिससे सामाजिक बुराइयों का ग्राफ भी ऊपर जा रहा है।
पिछले महीनों की पुलिस कार्रवाई पर नजर डालें तो हर महीने दो-चार धंधेबाजों को पकड़ा गया और आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें आरोपी को थाने से ही जमानत मिल जाती है। प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते शराब माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है। कभी-कभी उच्च अधिकारियों के दबाव में पुलिस छापेमारी कर कुछ कार्रवाई करती है, जो टिकाऊ समाधान नहीं है। इस संबंध में जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि कच्ची शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जल्द ही प्रभावी कार्यवाही की जाएगी।
Next Story