- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- केशव मौर्य का सपा पर...
केशव मौर्य का सपा पर निशाना, पिछड़ों को लेकर दिया बड़ा बयान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की सियासत में पिछड़ा वर्ग को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा पिछड़े वर्ग के लोगों को लगातार गुमराह करने का काम करती रही है। उन्होंने पिछड़े समाज से भाजपा के साथ मजबूती से खड़े होने और आगामी चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित संकल्प दिवस समारोह में भाजपा नेताओं ने पिछड़ा वर्ग को साधने की कोशिश की। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्षी दलों ने जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने लोगों को यह कहकर डराने की कोशिश की थी कि भाजपा के सत्ता में आने पर संविधान खत्म कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि देश का संविधान पूरी मजबूती के साथ लागू है और जनता विपक्ष के नकारात्मक प्रचार को समझ चुकी है।
केशव मौर्य ने कहा कि जनता अब जाति और भ्रम की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, सुशासन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान चलाएं और हर बूथ को मजबूत बनाने का काम करें।
उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सभी वर्गों के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों, युवाओं, किसानों और पिछड़े वर्ग के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली हैं।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और एक वर्ग विशेष को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा चुनाव के समय पिछड़ों की बात करती हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उनके फैसलों में परिवारवाद और सीमित वर्ग का प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने भाजपा में संगठनात्मक लोकतंत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्टी में सामान्य कार्यकर्ता भी बड़े पद तक पहुंच सकता है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछड़ा वर्ग अब सपा की राजनीति को समझ चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव जनता के हाथ में है और उसका वोट ही तय करेगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भी कार्यक्रम में सपा पर हमला बोला। उन्होंने सपा के पीडीए नारे पर कटाक्ष करते हुए विपक्षी दल पर पिछड़े समाज को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने इस अवसर पर समाज के लोगों से विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोग अपने-अपने बूथों पर सक्रिय भूमिका निभाएं और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम में कई सामाजिक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं। भाजपा नेताओं ने इस आयोजन के जरिए पिछड़ा वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने का संदेश देने की कोशिश की। वहीं विपक्षी दलों पर किए गए हमलों से साफ है कि आने वाले चुनावों को देखते हुए प्रदेश में पिछड़ा वर्ग की राजनीति एक बार फिर केंद्र में आ गई है।





