उत्तर प्रदेश

Kanwar Yatra 2025: कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, मांसाहारी भोजन पर रहेगी रोक

Sarita
12 July 2025 9:39 AM IST
Kanwar Yatra 2025:  कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, मांसाहारी भोजन पर रहेगी रोक
x
Kanwar Yatra 2025: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में कांवड़ यात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है और यात्रा मार्ग को 57 जोन और 155 सेक्टरों में विभाजित करके निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, मेरठ क्षेत्र में 8,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें 1,166 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। बाबा औघड़नाथ, नागेश्वर महादेव और महाबिलेश्वरनाथ मंदिरों में जलाभिषेक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सतीश सिंघल के अनुसार, इस बार औघड़नाथ मंदिर में दो लाख से अधिक कांवड़ियों के जलाभिषेक करने की उम्मीद है। प्रशासन ने जिले भर में कुल 838 शिविर लगाए हैं, जिनमें से 464 शिविर राजमार्ग पर स्थित हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन शिविरों में भंडारे, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गई हैं। मेरठ मंडलायुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर हर खाद्य सामग्री की दुकान पर रेट लिस्ट, मालिक की जानकारी और पंजीकरण संख्या प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
आयुक्त ने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि प्रत्येक दुकान के पास खाद्य सुरक्षा पंजीकरण प्रमाणपत्र हो, जिसमें दुकानदार का नाम और पंजीकरण संख्या स्पष्ट रूप से अंकित हो ताकि हर व्यक्ति को दुकान की प्रामाणिकता का पता चल सके। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर सभी होटलों, ढाबों और रेस्टोरेंट में मांस, मछली और अंडे पकाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की 10 से अधिक टीमें निरीक्षण में लगी हुई हैं। यात्रा मार्ग की पवित्रता बनाए रखने और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
Next Story