उत्तर प्रदेश

Kanpur : बंद क्रॉसिंग पार करते समय जल्दबाजी के चलते गई जान

Sarita
2 March 2025 7:51 AM IST
Kanpur : बंद क्रॉसिंग पार करते समय जल्दबाजी के चलते गई जान
x
Kanpur कानपुर: जल्दबाजी में बंद क्रॉसिंग पार करना एक स्कूटी सवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। शनिवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से युवक करीब सौ मीटर तक घिसटता चला गया। जिससे ट्रेन 40 मिनट तक रुकी रही। क्रॉसिंग बंद होने से चारों तरफ भीषण जाम लग गया। जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और जीआरपी ने युवक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। इससे पहले भी शॉर्टकट के चक्कर में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन लोग रेलवे के नियमों का पालन करने को तैयार नहीं हैं। नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित कोका कोला क्रॉसिंग पर शाम पांच बजे फर्रुखाबाद से आ रही छपरा एक्सप्रेस ट्रेन के लिए रेलवे फाटक बंद था।
शाम सवा पांच बजे ट्रेन आई, उससे पहले एक युवक नीचे से अपनी स्कूटी निकालकर बंद रेलवे क्रॉसिंग पार करने लगा। इस दौरान ट्रेन नजदीक आने पर लोगों ने चिल्लाकर उसे रोका, लेकिन वह अपने वाहन को लेकर तेजी से ट्रैक पार करने लगा। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण वह अंदाजा नहीं लगा सका और चपेट में आ गया। हादसे में वह करीब सौ मीटर तक स्कूटी समेत घिसटता चला गया। जिससे स्कूटी कई टुकड़ों में टूट गई और युवक की सांसें थम गईं।
इससे ट्रेन 40 मिनट तक लाइन पर खड़ी रही। इस दौरान दोनों तरफ के क्रॉसिंग गेट बंद रहे। हादसा देख वहां मौजूद राहगीर सहम गए। सूचना पर नजीराबाद पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची और स्कूटी का नंबर ट्रेस किया तो गाड़ी किसी राजकुमार के नाम पर रजिस्टर्ड निकली। युवक आसमानी रंग की शर्ट और नीले रंग की पैंट पहने हुए था। नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि स्कूटी के नंबर से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लापरवाही के कारण हादसा हुआ है। जाम के कारण लोग एक घंटे तक फंसे रहे।
Next Story