उत्तर प्रदेश

Kanpur: एक के बाद एक धमाके, भीषण आग, 6 लोग झुलसे

Sarita
14 May 2025 6:24 AM IST
Kanpur: एक के बाद एक धमाके, भीषण आग, 6 लोग झुलसे
x
Kanpur कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कलेक्टरगंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले दाल मंडी इलाके में भीषण आग लग गई। यह इलाका थोक व्यापार का बड़ा केंद्र माना जाता है। जानकारी के मुताबिक, आग दोपहर करीब 2:45 बजे लगी और देखते ही देखते आसपास की सौ से ज्यादा दुकानें और गोदाम इसकी चपेट में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने के कुछ ही मिनटों में चारों तरफ घना काला धुआं फैल गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। धुएं का असर इतना ज्यादा था कि 12 किलोमीटर दूर कल्याणपुर इलाके तक दिखाई दे रहा था। आग की वजह से सेंट्रल रेलवे स्टेशन और आसपास का इलाका भी प्रभावित हुआ, जहां यात्री और स्थानीय लोग दहशत में दिखे।
मौके पर करीब एक दर्जन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी हुई हैं। लेकिन संकरी गलियां और घना धुआं होने की वजह से राहत कार्य में भारी दिक्कतें आ रही हैं। आग पर अभी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है।
इस हादसे में अब तक छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की भी खबर है।
बताया जा रहा है कि आग के बीच सिलेंडर और बैटरियां भी फट गईं, जिससे आग तेजी से फैल गई। वहीं, कुछ दुकानों में रखे तेल और मोबिल ऑयल के ड्रम भी फट गए, जिससे विस्फोट जैसी स्थिति पैदा हो गई और कई फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं। आग से व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।
Next Story