- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- लखनऊ से ब्रज धाम तक...
उत्तर प्रदेश
लखनऊ से ब्रज धाम तक सफर जन्माष्टमी से पहले शुरू हुआ खास टूर पैकेज
Ratna Netam
10 Aug 2026 5:28 PM IST

x
लखनऊ : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों और श्रद्धालुओं को खास सौगात दी है। प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) ने ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत तीन दिन और दो रात का विशेष ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज के जरिए श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन, गोकुल, बरसाना और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े कई प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा की शुरुआत लखनऊ से सुबह 8 बजे होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को ब्रज क्षेत्र के प्रमुख तीर्थस्थलों का सुविधाजनक और व्यवस्थित तरीके से भ्रमण कराना है। साथ ही इस पैकेज के जरिए कृष्ण-ब्रज सर्किट को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान की व्यापक सोच का हिस्सा है। इस अभियान के जरिए प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री के मुताबिक, ब्रज क्षेत्र में लगातार पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। वर्ष 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने का दावा किया गया है। वहीं ब्रज रंगोत्सव-2025 में 44 लाख से अधिक लोगों की सहभागिता रही। वर्ष 2026 के पहले तीन महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटकों के आगमन की जानकारी दी गई है। सरकार का मानना है कि आंकड़े बताते हैं कि ब्रज क्षेत्र देश के प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
परिवारों और छोटे समूहों को ध्यान में रखते हुए इस टूर पैकेज को अपेक्षाकृत किफायती रखने की कोशिश की गई है। यात्रियों के लिए वातानुकूलित सेडान और क्रस्टिा वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सेडान वाहन के लिए प्रति व्यक्ति 10,400 रुपये और क्रस्टिा वाहन के लिए प्रति व्यक्ति 10,150 रुपये का पैकेज निर्धारित किया गया है। दोनों श्रेणियों में यात्रा करने के लिए कम से कम दो यात्रियों का होना जरूरी बताया गया है।
पैकेज में यात्रियों के ठहरने, नाश्ता, जलपान, हाई-टी, प्रशिक्षित गाइड और स्थानीय दर्शनीय स्थलों के भ्रमण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि दोपहर और रात के भोजन की व्यवस्था पैकेज में शामिल नहीं है और इसका खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा।
तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इनमें बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और प्रेम मंदिर शामिल हैं। श्रद्धालुओं को इन स्थलों के जरिए ब्रज की धार्मिक परंपरा और श्रीकृष्ण से जुड़ी आध्यात्मिक मान्यताओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
यात्रा के दूसरे दिन मथुरा और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम, संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव का भ्रमण कराया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु श्रीकृष्ण के जन्म और बाल लीलाओं से जुड़े प्रमुख स्थलों के दर्शन कर सकेंगे।
यात्रा के तीसरे और अंतिम दिन श्रद्धालुओं को बरसाना ले जाया जाएगा। यहां राधारानी मंदिर के दर्शन के साथ इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
UPSTDC के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि ‘कृष्ण लीला’ टूर पैकेज तैयार करते समय यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और आध्यात्मिक अनुभव को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार, इस पहल के जरिए श्रद्धालुओं को ब्रज के प्रमुख धार्मिक स्थलों का सहज दर्शन कराने के साथ क्षेत्र की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
जन्माष्टमी से पहले शुरू किया गया यह पैकेज उन श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बन सकता है, जो कम समय में ब्रज के प्रमुख कृष्ण धामों की यात्रा करना चाहते हैं। सरकार को उम्मीद है कि इस तरह के संगठित टूर पैकेज से उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और कृष्ण-ब्रज सर्किट को देश-विदेश में और व्यापक पहचान मिलेगी।
TagsBraj DhamTravelJanmashtamiSpecialTour Packageब्रज धामसफरजन्माष्टमीखासटूर पैकेजजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





