उत्तर प्रदेश

Road safety अभियान का असर, मेरठ यातायात पुलिस ने जून में की बड़ी कार्रवाई

Ratna Netam
12 July 2026 5:57 PM IST
Road safety अभियान का असर, मेरठ यातायात पुलिस ने जून में की बड़ी कार्रवाई
x

Meerut मेरठ : यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मेरठ यातायात पुलिस ने जून माह में बड़ी कार्रवाई की है। सड़क सुरक्षा और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत पुलिस ने एक महीने में 37,860 वाहनों के चालान किए। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों से 33.73 लाख रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।

मेरठ यातायात पुलिस की ओर से यह विशेष अभियान एक जून से 30 जून तक चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, अवैध पार्किंग, बिना ड्राइविंग लाइसेंस, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तेज रफ्तार, खराब नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 21,252 लोगों के चालान किए गए और उनसे 5.69 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने बताया कि हेलमेट सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाने वाला सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है, इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोग नियमों की अनदेखी करते हैं।

तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस दौरान 1,414 वाहनों के चालान किए गए और 1.12 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, अवैध पार्किंग करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया। पुलिस ने 2,363 वाहनों के चालान कर 2.50 लाख रुपये का शमन शुल्क प्राप्त किया।

अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले 1,049 लोगों पर कार्रवाई की गई। इनसे 1.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के वाहन चलाने वाले 558 वाहन चालकों के चालान किए गए और 1.83 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

यातायात पुलिस ने रॉन्ग साइड और गलत लेन में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। इस श्रेणी में 1,412 वाहनों के चालान किए गए, जिनसे 1.60 लाख रुपये की वसूली हुई। वहीं, तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 4,862 चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 14.52 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

पुलिस ने बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और खराब नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की। ऐसे 713 वाहनों के चालान किए गए और 1.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में 4,237 चालान कर 2.86 लाख रुपये की वसूली की गई।

पल्लवपुरम में हटाया गया अतिक्रमण

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए थाना पल्लवपुरम क्षेत्र में यातायात पुलिस और थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। दुकानदारों और अन्य लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई।

पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क अनुशासन बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

त्योहारों को लेकर बढ़ाई जाएगी निगरानी

आगामी त्योहारों, मेलों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए मेरठ यातायात पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की जांच और चेकिंग अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Next Story