उत्तर प्रदेश

IMD अलर्ट: यूपी में बारिश और तेज हवा का सिलसिला रहेगा जारी

Saba Naaz
30 Jun 2026 3:45 PM IST
IMD अलर्ट: यूपी में बारिश और तेज हवा का सिलसिला रहेगा जारी
x

उत्तर प्रदेश: मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश के कई जिलों में बारिश शुरू हो गई है। सोमवार से मानसूनी बारिश की एंट्री के बाद आज 30 जून को कानपुर, अयोध्या, सोनभद्र समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट देखने को मिली और मौसम सुहावना हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला तेज हो रहा है और अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतर जिलों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि अब तक प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से 59 प्रतिशत कम दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में यह कमी तेजी से पूरी हो सकती है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) लखनऊ के अनुसार 30 जून से 6 जुलाई तक यूपी में मौसम लगातार सक्रिय रहेगा। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

30 जून से 2 जुलाई के बीच कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है। 3 जुलाई से 6 जुलाई तक भी अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा।

पिछले 24 घंटों में हरदोई में सबसे कम 20.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि आगरा सबसे गर्म रहा जहां अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Next Story