- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Saharanpur में साइबर...
Saharanpur में साइबर फ्रॉड केस सुलझा, पूरी रकम लौटाई गई

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर जनपद में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सदर बाजार साइबर हेल्प डेस्क पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ऑनलाइन साइबर फ्रॉड के माध्यम से ठगी गई पूरी धनराशि 1,51,507 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दी है। इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।मामला 17 फरवरी 2026 का है, जब सहारनपुर के रोहित विहार कॉलोनी, हसनपुर चुंगी निवासी नरेश कुमार पुत्र धारा सिंह ने थाना सदर बाजार साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने वीडियो कॉल के जरिए संपर्क कर क्रेडिट कार्ड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली और बाद में ऑनलाइन फ्रॉड के माध्यम से उनके खाते से कुल 1,51,507 रुपये की ठगी कर ली।
शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक नगर एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी और क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक चंद्रसेन सैनी के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने मामले की जांच शुरू की।टीम ने तकनीकी सहायता और बैंकिंग प्रक्रियाओं के समन्वय से तेजी से कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी राशि को ट्रेस किया और सफलतापूर्वक पीड़ित के खाते में वापस ट्रांसफर कराया। इस तरह पुलिस ने 100 प्रतिशत राशि रिकवर करने में सफलता प्राप्त की।
साइबर पुलिस की इस तत्परता से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि समय पर शिकायत मिलने पर साइबर फ्रॉड के मामलों में नुकसान की भरपाई संभव है। पुलिस अधिकारियों ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, वीडियो कॉल या संदिग्ध लिंक पर अपनी बैंकिंग जानकारी साझा न करें।पीड़ित नरेश कुमार ने अपनी राशि वापस मिलने पर सहारनपुर पुलिस और थाना सदर बाजार साइबर हेल्प डेस्क टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तेज कार्रवाई के कारण उन्हें बड़ी राहत मिली है और समय रहते उनकी पूरी रकम सुरक्षित वापस मिल गई।यह कार्रवाई साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।





