उत्तर प्रदेश

Gorakhpur में दिल दहला देने वाली वारदात, मनबढ़ों ने मासूम को उतारा मौत के घाट

Ratna Netam
2 Aug 2026 4:44 PM IST
Gorakhpur  में दिल दहला देने वाली वारदात, मनबढ़ों ने मासूम को उतारा मौत के घाट
x

उत्तर प्रदेश : गोरखपुर जिले में एक महीने पुराने छेड़खानी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पिपराइच थाना क्षेत्र के बेलाकांटा चौराहे पर घात लगाकर बैठे युवकों ने पान दुकानदार के बेटे और उसके मौसेरे भाई पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में 9 साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि पान दुकानदार के बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पिपराइच थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पिपराइच क्षेत्र के बेलाकांटा चौराहे पर एक व्यक्ति पान की दुकान चलाते हैं। करीब एक महीने पहले उन्होंने कुछ युवकों पर अपनी बेटी से छेड़खानी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस को शिकायत भी दी गई थी। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के युवक नाराज चल रहे थे और उन्होंने बदला लेने की योजना बनाई।

शनिवार रात करीब सवा आठ बजे पान विक्रेता का 15 वर्षीय बेटा और उसके साढ़ू का 9 वर्षीय बेटा दुकान की तरफ जा रहे थे। दोनों को पहले से घात लगाकर बैठे करीब आठ से नौ युवकों ने घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बिना कुछ कहे दोनों पर हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से दोनों को बुरी तरह पीटा।

अचानक हुए हमले से दोनों बच्चे चीखने लगे। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल दोनों बच्चों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान रविवार तड़के करीब दो बजे 9 वर्षीय मासूम ने दम तोड़ दिया। मृतक बच्चा चौथी कक्षा का छात्र था। उसकी मां की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपने मौसा के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता हैदराबाद में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

वहीं, पान दुकानदार के बेटे की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस ने पहले हुई छेड़खानी की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की होती तो यह दर्दनाक घटना नहीं होती।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मासूम की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जांच में मामले को गंभीर मानते हुए गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को लाइन हाजिर कर दिया। उनकी जगह झंगहा थाने में तैनात इंस्पेक्टर अनूप सिंह को पिपराइच थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना ने एक बार फिर पुराने विवादों को समय रहते सुलझाने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत को उजागर किया है।

Next Story