उत्तर प्रदेश

Rain को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी, यूपी से लेकर पहाड़ी राज्यों तक अलर्ट

Ratna Netam
2 Aug 2026 4:36 PM IST
Rain  को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी, यूपी से लेकर पहाड़ी राज्यों तक अलर्ट
x

नई दिल्ली : देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है और कई राज्यों में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने जैसी स्थिति देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में तीन अगस्त से सात अगस्त तक लगातार बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चार अगस्त से सात अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। इन क्षेत्रों में तीन से छह अगस्त के बीच अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। IMD के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो अगस्त से आठ अगस्त तक कई इलाकों में व्यापक बारिश हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। प्रशासन को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में दो से छह अगस्त और आठ अगस्त को बारिश की संभावना जताई है। वहीं सात अगस्त को भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में दो अगस्त को बारिश होने का अनुमान है।

मध्य भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में दो से छह अगस्त तक बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में दो से तीन अगस्त और चार से आठ अगस्त के दौरान बारिश की संभावना है। विदर्भ में तीन से पांच अगस्त और छह से आठ अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।

छत्तीसगढ़ में भी मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है। राज्य में दो अगस्त से आठ अगस्त के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। तीन से आठ अगस्त के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वी भारत के राज्यों में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में दो से पांच अगस्त तक और झारखंड में तीन से आठ अगस्त तक कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी दो से तीन अगस्त के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में दो से पांच अगस्त के बीच आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी पूरे सप्ताह बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अरुणाचल प्रदेश में दो और पांच अगस्त को भारी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में दो से पांच अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में दो से आठ अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत की बात करें तो मौसम विभाग ने बताया है कि यहां बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में अगले दो दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें। बारिश के कारण नदियों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क जलभराव और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। मानसून की मौजूदा स्थिति को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Next Story