- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- Teachers को स्वास्थ्य...
Teachers को स्वास्थ्य सुरक्षा, छात्रों के खातों में पहुंची सहायता राशि

Saharanpur सहारनपुर : उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना और डीबीटी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में वाराणसी स्थित ट्रेड सेंटर में आयोजित समारोह से किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सहारनपुर के राजकीय इंटर कॉलेज स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में किया गया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।
जनपद स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री जसवंत सैनी रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से शिक्षकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि डीबीटी व्यवस्था के तहत छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग और स्टेशनरी खरीदने के लिए सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में धनराशि भेजी जा रही है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र छात्र को 1200 रुपये की सहायता दी जा रही है, जिससे अभिभावक बच्चों की जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकें।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर जिले में कुल 1,78,959 छात्रों के नामांकन के सापेक्ष अब तक 1,47,771 छात्र डीबीटी योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। शेष छात्रों के अभिभावकों के बैंक खातों की जानकारी पीएफएमएस पोर्टल पर दर्ज कराई जा रही है, जिसके बाद उन्हें भी योजना का लाभ मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में कुल 11,858 लाभार्थियों के लक्ष्य के मुकाबले अब तक पोर्टल पर 4,508 लाभार्थियों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें से 1,098 लाभार्थियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, जबकि 312 लाभार्थियों के कार्ड जनरेट किए जा चुके हैं। अन्य पात्र लाभार्थियों के कार्ड भी जल्द तैयार कर उन्हें योजना से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 10-10 लाभार्थियों को डमी कार्ड प्रदान कर योजना का सांकेतिक शुभारंभ किया। इस दौरान रसोइया ताहिरा, प्रधानाध्यापिका सुधा रानी, अनुदेशक हरदीप सैनी सहित कई शिक्षकों और कर्मचारियों को कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में 55वां स्थान प्राप्त करने वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय कुतुबपुर लबडौला के सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव रंजन ने बैंक की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों से बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिला विद्यालय निरीक्षक जय करण यादव, संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रबुद्धे, सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक राजेश कुमार सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से संपन्न हुआ।





