उत्तर प्रदेश

Greater Noida: कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग

Sarita
1 April 2025 10:22 AM IST
Greater Noida:  कूलर बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग
x
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के सुत्याना गांव में सोमवार को कूलर बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की कई फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आ गया और करीब 15 दमकल गाड़ियां मौके पर आग बुझाने में लगी हुई हैं।
दमकल विभाग की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं। फैक्ट्रियों में ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से आग बुझाने में काफी दिक्कत आ रही है। आग पर पूरी तरह से काबू पाने में कुछ और समय लग सकता है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से आग वाले इलाके से दूर रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर रखे हुए हैं।
शुरुआती जांच में फैक्ट्री में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में फॉल्ट माना जा रहा है। हालांकि असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आस-पास स्थित करीब छह से सात फैक्ट्रियां इसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें दूर से ही देखी जा सकती थीं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आसपास के इलाकों को खाली कराना शुरू कर दिया। आग फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने फैक्ट्री के पास बने घरों को भी खाली करा लिया।
आग कैसे लगी, इसका पता लगाने के लिए जांच चल रही है
इस इलाके में कई लोग किराए पर रहते हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। इसके अलावा कई लोगों के मवेशी भी थे, जिन्हें दमकलकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। आग बुझाने के बाद जांच की जाएगी कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी और वजह से हुआ।
Next Story