उत्तर प्रदेश

Traders, का भव्य समारोह, रमेश अरोड़ा को फिर मिली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

Ratna Netam
7 July 2026 7:01 PM IST
Traders, का भव्य समारोह, रमेश अरोड़ा को फिर मिली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी
x

Saharanpur सहारनपुर : सहारनपुर क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसिएशन रजि. सहारनपुर का शपथ ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, नुमाइश कैंप में भव्य तरीके से आयोजित किया गया। समारोह में व्यापारियों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर विधायक राजीव गुम्बर, विशिष्ट अतिथि महापौर डा. अजय सिंह और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शीतल टंडन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद शीतल टंडन ने ईश वंदना कराकर कार्यक्रम को विधिवत आगे बढ़ाया।

इस अवसर पर सहारनपुर क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश अरोड़ा ने संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन पिछले कई वर्षों से व्यापारियों के हितों के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन कंपनी के रूप में भी कार्य कर रही है, जिसके चार डायरेक्टर किशन किशोर मानकटला, अनिल छाबड़ा, पंकज धमीजा और रमेश अरोड़ा हैं। नई मार्केट बनाने से संबंधित परियोजना के सभी अधिकार डायरेक्टर्स के पास हैं।उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की समीक्षा कमेटी में विजय मोंगा, त्रिलोक चावला, किशन लाल बजाज, देवेंद्र नारंग, सुरेश छाबड़ा, किशन किशोर मानकटला, हरीश खुंगर, अनिल छाबड़ा, पंकज धमीजा, अनुराग मलिक और सरदार अरविंदर सिंह चावला शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान व्यापारी नेता शीतल टंडन ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसमें रमेश अरोड़ा को अध्यक्ष, द्वारका नाथ बजाज को महामंत्री और सुनील धमीजा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं गुलशन भंडारी को उपाध्यक्ष, संयम सेठ को उपसचिव और शिवम सेठी को संगठन मंत्री बनाया गया।इसके अलावा आर्बिट्रेटर पद के लिए महेंद्र पाल चावला, मुकेश मानकटला और पुनीत शाह को शपथ दिलाई गई। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में रमेश अरोड़ा डोडा, प्रदीप नागपाल, प्रेम अरोड़ा, राजीव भारती, नीरज गोयल, सरदार जितेंद्र सिंह नरूला, राजीव डंग, हर्षित राठी और अर्जुन ललित ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

समारोह में विभिन्न विभागों और संस्थाओं से जुड़े लोगों को भी सम्मानित किया गया। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने राज्यकर विभाग के अमित पाठक, संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) और राजीव कुमार शाक्य, आयुक्त खंड-4, राज्यकर विभाग सहारनपुर को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।महापौर डा. अजय सिंह ने अरुणेश यादव, राज्यकर विभाग खंड-1 सहारनपुर, राजेश कुमार अरोड़ा, पंजाब नेशनल बैंक और श्रीमती नेहा मोंगा, प्रबंधक इंडियन ओवरसीज बैंक यमुनानगर को सम्मानित किया। इसके अलावा सीए संजय ढींगरा, गौरव बेदी और सरदार मनमीत सिंह बजाज (आर्किटेक्ट) को भी प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा को भी उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। पंजाबी वेलफेयर संगठन के अध्यक्ष नीरज अरोड़ा ने अध्यक्ष रमेश अरोड़ा का सम्मान किया।समारोह में सहारनपुर क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसिएशन के बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। रायवाला मार्केट के अध्यक्ष, महामंत्री और पूर्व अध्यक्ष सहित कई व्यापारी प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समारोह हर्षोल्लास और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

Next Story