- Home
- /
- राज्य
- /
- उत्तर प्रदेश
- /
- गोरखपुर को बड़ी सौगात,...
गोरखपुर को बड़ी सौगात, फोरलेन समेत 4 परियोजनाओं को मंजूरी

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर की रफ्तार अब और तेज होने जा रही है। शहर की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फोरलेन समेत चार बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को गोरखपुर में करीब 697 करोड़ रुपये की लागत वाली इन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में सबसे प्रमुख भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क है। 11.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के हाथों इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। इस सड़क से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
भटहट-बांसस्थान फोरलेन की अहमियत इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसी मार्ग पर प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय स्थित है। एक साल पहले शुरू हुए इस विश्वविद्यालय में इलाज और चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। फोरलेन सड़क बनने के बाद मरीजों, छात्रों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सड़क निर्माण के दौरान यातायात सुविधा के साथ जल निकासी व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया है। लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-3 की ओर से सड़क के दोनों ओर मानक के अनुसार ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की गई है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिन चार सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क के अलावा चकजलाल घोड़ादेउर होते हुए तरकुलही हनुमान मंदिर तक संपर्क मार्ग, हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग और पिपराइच बरगदही मार्ग से सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य शामिल हैं। भटहट-बांसस्थान फोरलेन परियोजना पर करीब 689 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की लागत आई है। वहीं चकजलाल घोड़ादेउर से तरकुलही हनुमान मंदिर तक 4.85 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण पर करीब 3.59 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। हाफिज नगर द्वितीय संपर्क मार्ग के नव निर्माण पर करीब 1.67 करोड़ रुपये और सिरसिया महादेव मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर करीब 2.30 करोड़ रुपये की लागत आई है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिपराइच विधानसभा क्षेत्र में सात विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें भरवलिया से एकला टेराकोटा उद्योग रिसर्च सेंटर मार्ग का निर्माण, गुलरिहा रामनगर से एकला ग्राम तक सड़क चौड़ीकरण, सरैया बांसस्थान मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। सरैया बांसस्थान मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सिरसिया गांव में महादेव कुंड का पर्यटन विकास, बूढ़ाडीह में समय माता मंदिर का पर्यटन विकास, औरंगाबाद का ग्रामीण पर्यटन विकास और जंगल डुमरी नंबर एक से फैलहवा कोदईसाह टोला तक लेपन कार्य का भी शिलान्यास किया जाएगा।
इन विकास योजनाओं से गोरखपुर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के इस दौरे को गोरखपुर के विकास के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।





